वी कुमार/मंडी
कैबिनेट मंत्री अनिल शर्मा के बेटे की कांग्रेस पार्टी में जाने की पूरी संभावना बन गई है। दिल्ली से आ रही खबरों के बाद ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा ने आज सुबह मंडी में सीएम जयराम ठाकुर से मुलाकात की। अनिल शर्मा ने सीएम जयराम ठाकुर को बताया कि उनके बेटे को कांग्रेस पार्टी टिकट देना चाहती है। इस तरह की खबरों का उन्हें भी मीडिया के माध्यम से ही पता चल पा रहा है। उन्होंने सीएम को आश्वस्त किया कि वह भाजपा में हैं। सरकार का हिस्सा हैं। यदि दिल्ली से उन्हें उनके बेटे के कांग्रेस में जाने को लेकर कोई जानकारी मिलती है तो वह इसे प्राथमिकता के आधार पर सीएम को बताएंगे।
अनिल शर्मा ने कहा कि दिल्ली में जो गतिविधियां हो रही हैं उसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं दी जा रही है। उन्होंने कहा कि वह भाजपा का हिस्सा हैं और आगे भी रहेंगे। वहीं सीएम जयराम ठाकुर ने भी अनिल शर्मा के साथ हुई मुलाकात की पुष्टि की है। जयराम ठाकुर ने बताया कि अनिल शर्मा ने उनके पास आकर बताया कि बेटे के कांग्रेस पार्टी में जाने की चर्चाओं से वह धर्मसंकट में हैं। सीएम ने बताया कि आश्रय शर्मा और पंडित सुखराम भाजपा का हिस्सा थे ही नहीं। यदि वह कांग्रेस में जा रहे हैं तो शायद अपनी सदस्यता को रिन्यू कर रहे हैं।
सीएम ने कहा कि पार्टी ने टिकट का आबंटन कर दिया है। उन्होंने अनिल शर्मा से साथ मिलकर पार्टी प्रत्याशी के लिए काम करने की बात कही है। वहीं जयराम ठाकुर ने कहा कि अनिल शर्मा के इस्तीफे की बातों का खंडन किया। उन्होंने कहा कि अनिल शर्मा ने अभी तक ऐसी कोई पेशकश न तो उनके पास की है और न ही पार्टी के पास की है। सीएम ने कहा कि पंडित सुखराम का वह आदर करते हैं क्योंकि वह पहले भी भाजपा सरकार का हिस्सा रह चुके हैं। अब भी उनका बेटा भाजपा सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं। यदि उनका बेटा या पिता कोई निर्णय ले रहे हैं तो यह उनका व्यक्तिगत निर्णय है। उनके दोबारा कांग्रेस में जाने से पार्टी को कोई नुकसान नहीं होगा।
बता दें कि सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मंडी सीट से पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह न तो खुद लड़ना चाहते हैं और न ही अपने परिवार के किसी सदस्य को यहां से चुनावी मैदान में उतारना चाहते हैं। ऐसे में कांग्रेस के पास भी कोई दमदार प्रत्याशी नजर नहीं आ रहा। जिसके चलते पंडित सुखराम के परिवार की घर वापसी करवाकर उनके पोते आश्रय शर्मा को यहां से पार्टी का टिकट दिया जा रहा है। संभावना है कि जल्द ही पंडित सुखराम और आश्रय शर्मा कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं।