एमबीएम न्यूज/शिमला
प्रदेश की पुलिस को प्रैजीडेंट कलर्स ‘‘निशानध्वज’’ सम्मान मिला है। लाजमी तौर पर पहाड़ी राज्य गौरवान्वित हुआ है। निर्भय, निष्पक्ष व सत्यनिष्ठ के मोटो के तहत कार्य कर रही हिमाचल पुलिस के हरेक जवान व अधिकारी की इस उपलब्धि में सांझेदारी है। द प्रैजीेडेंट कलर्स अवार्ड जल्द ही समारोह में प्रदेश पुलिस को मिलेगा। महामहिम राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा निशानध्वज देने की घोषणा की गई है। यह सम्मान हिमाचल पुलिस को 70 वर्ष की पेशेवर उपलब्धियों व यशस्वी कीर्तिमान के लिए प्रदान किया जा रहा है।
हिमाचल पुलिस के अपने ध्वज की शिखा पर रंग-बिरंगी परिदृश्य का चित्रण है, जो बर्फ से ढके पर्वतों, हरी वादियों व शक्तिमान देवदार के वृक्षों को दर्शाता है। तीन शेरों का प्रतीक अशोक चक्र भी बीच में स्थित है, जिसे एक नदी पर तैरता हुआ दिखाया गया है। साथ ही यह भी दर्शाता है कि हिमाचल प्रदेश निर्भय, निर्भीक, सत्यनिष्ठा के मार्ग पर अटल है।
अब क्या होगा बदलाव…
राष्ट्रपति के निशानध्वज पर हिमाचल पुलिस की एक बूटेदार शिखा मध्य में स्थित होगी। शिखा के नीचे देवनागरी लिपि में ‘‘हिमाचल प्रदेश पुलिस’’ सुनहरे रंग के बूटेदार कढ़ाई में लिखा जाएगा। इस नीले व सुनहरी पीले ध्वज के किनारों पर सितारों के साथ सुनहरी बूटेदार कढ़ाई होगी।
इसलिए…
पुलिस ने सुदृढ़ कानून व्यवस्था प्रदान करने के साथ-साथ अनुकूल सेवाएं प्रदान की हैं। सक्रिय साथी की तरह हरेक हिमाचली को सुरक्षित माहौल प्रदान किया। इस कारण राज्य के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में भी योगदान हुआ। निरंतर आधुनिकरण के प्रयास किए गए। महिला, बच्चों की सुरक्षा के अलावा मादक पदार्थोंं की तस्करी रोकने के ठोस कदम उठाए गए। पुलिस के लिए प्रदेश की कठिन भौगोलिक परिस्थितियां चुनौती हैं। कठोर जलवायु की वजह से प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। पुलिस ने पर्यटन व खेलकूद से अति विशिष्ट व्यक्तियों की सुरक्षा कुशलता से की है।
पुलिस मानव संसाधन पर भी गौरव महसूस करती है। अधिकारियों न राष्ट्रीय व यूएन मिशन में भी अपने कर्त्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा से किया। उधर पुलिस महानिदेशक एसआर मर्डी ने कहा कि वो महामहिम राष्ट्रपति के आभारी हैं। उन्होंने कहा कि निशानध्वज मिलने से निश्चित तौर पर पुलिस का मनोबल बढे़गा।