वी कुमार/मंडी
अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि मेले के लिए देवताओं का मंडी आने का क्रम जारी है। सोमवार को इसी कड़ी में बदार, सनोर, चौहार, बल्ह व मंडी के सैंकड़ों देवी देवताओं ने शहर में शिरकत की। इस दौरान सबसे पहले देवी देवताओं ने राज माधव राय के मंदिर में हाजरी भरी व उपरांत इसके देवता अपने देवलुओं संग निवास के लिए रवाना हुए।
सोमवार को मंडी शिवरात्रि की शोभा बढाने के लिए पराशर ऋषि, देव बाला कामेश्वर, धुमांवती, बूढी बछवाहण, आदि ब्रम्हा, देव गरहल, देव मार्कंडेय, घटोत्कच, कुटाची का गैहरी, बिट्ठु नारायण, बाला नारायण, हुरंग नारायण, पशाकोट, मांहूनाग, जलाउणी गणपति, घड़ौणी नारायण, पेखरू का गैहरी, देवी नव दूर्गा, बाडू बाड़ा, शेष नाग आदि प्रमुख देवी देवताओं ने मंडी में शिरकत की है। देव समिति के अनुसार सोमवार को मंडी में लगभग 100 से ज्यादा देवी देवताओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवा ली है जबकि कुछ देवता कल भी मेले में भाग लेने के लिए पहुंचेगे।
मेला समिति के द्वारा हर देवी देवता को राज माधव राय मंदिर में स्वागत किया गया। इसके साथ ही देवलुओं व बजंतरियों के लिए ठहरने आदि की व्यवस्था भी कमेटी के द्वारा की जा रही है। मंगलवार को अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव व देवता मेला 2019 का शुभारंभ प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के द्वारा किया जाएगा। मंडी में सप्ताह भर चलने वाले समारोह में विभिन्न देव संस्कृति व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा। साथ ही लोगो को एक ही स्थान पर लगभग 200देवी देवताओं के दर्शन करने का सौभग्य भी प्राप्त होगा।