अमरप्रीत सिंह/सोलन
सोलन के निकट सीनियर सेकेंडरी स्कूल जौणाजी में स्कूल प्रशासन की लापरवाही का एक बड़ा मामला प्रकाश में आया है। प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की जमा दो कक्षाओं के कंप्यूटर प्रैक्टिकल का प्रश्न पत्र परिक्षार्थियों को करीब पौने एक घंटे देरी से दिया गया। गौरतलब है कि जौणाजी स्कूल में कंप्यूटर साइंस का जमा दो कक्षा का पेपर था। पेपर का समय सुबह सवा 9 बजे से तय था, लेकिन 10 बजकर 50 मिनट तक प्रश्न पत्र नहीं बांटा गया था।
परीक्षा संचालन कर रहे फिजिक्स के प्राध्यापक ने 10 बजकर 55 मिनट पर प्रश्न पत्र बांटा। मगर तब तक करीब 40 मिनट प्रश्न पत्र हल करने के निकल गए थे। बताया जा रहा है कि परीक्षा संचालन करने वाले अध्यापक ही स्कूल लेट पहुंचे, जिस वजह से पेपर शुरू नहीं किया जा सका। हरदेव सिंह ने सुबह करीब साढ़े 9 बजे फोन करके जानकारी मांगी। हैरानी की बात है कि हरदेव सिंह को दोपहर सवा एक बजे तक पूरी जानकारी नहीं भेजी गई।
डिप्टी डायरेक्टर हरदेव सिंह से जब मीडिया ने चंबाघाट स्थित कार्यालय में सीधी बात की तो उन्होने कहा कि ऐसा मामला आया है। यह स्कूल प्रशासन की बड़ी लापरवाही है। दोषियों का पता लगाने के लिए प्रधानाचार्य से पूरी रिपोर्ट मांगी गई है। प्रधानाचार्य किसी मीटिंग में थे, लेकिन जिसे भी परीक्षा संचालन करने का जिम्मा सौंपा गया था उसे भी पूछा जाएगा।