एमबीएम न्यूज/नाहन
प्रदेश की अंडर-14 कबड्डी टीम में सिरमौर के चार खिलाडि़यों ने जगह बनाने में सफलता अर्जित की है। अब टीम 22 से 24 फरवरी को बिहार के पटना में राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने जा रही है। खिलाडि़यों का कैंप 12 से 18 फरवरी तक बिलासपुर में आयोजित किया जा रहा है। 19 फरवरी को शारीरिक शिक्षा विभाग के सहायक निदेशक राजेश ठाकुर टीम को रवाना करने बिलासपुर पहुंचेंगे।
चयनित खिलाडि़यों में तीन शिलाई व एक राजगढ़ से है। इसमें मनोज (झकान्डो), हिमांशु (कांडो भटनोल) व मनोज चौहान (भटनोल) शामिल हैं। इसके अलावा राजगढ़ क्षेत्र से पारस भी टीम का हिस्सा बना है। टीम के मैनेजर पूरन ठाकुर का कहना है कि पूरी उम्मीद है कि हिमाचल की टीम इस बार राष्ट्रीय स्तर पर झंडा गाड़ कर आएी। उन्होंने कहा कि बेहद खुशी की बात है कि कबड्डी के क्षेत्र में सिरमौर उपलब्धियां हासिल कर रहा है।
उल्लेखनीय है कि अंतरराष्ट्रीय महिला खिलाडि़यों के अलावा राष्ट्र स्तर के कई खिलाड़ी को सिरमौर ने स्पोर्टस जगत को दिए हैं। अहम बात यह है कि स्कूली स्तर पर भी कबड्डी की पनीरी तैयार हो रही है।