एमबीएम न्यूज/शिमला
देवभूमि के तीन बेटों को पदमश्री से अलंकृत किया जा रहा है। गृह मंत्रालय ने देर शाम पदम विभूषण व पदम श्री पुरस्कारो की घोषणा की है। इस सूची में प्रदेश का सीना फक्र से चौड़ा हुआ है, क्योंकि इस सूची में तीन हिमाचली बेटे भी शामिल हुए हैं। नेत्र विज्ञान की चिकित्सा के क्षेत्र में पीजीआई के निदेशक डॉ. जगत राम का चयन पदम श्री के लिए हुआ है। साथ ही डॉ. उमेश भारती व कबड्डी खिलाड़ी अजय ठाकुर के नाम भी शामिल हैं।
मूलतः सिरमौर के राजगढ़ के रहने वाले डॉ. जगत राम ने मार्च 2017 में पीजीआई चंडीगढ़ के निदेशक का कार्यभार संभाला था। बेहद साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाले डॉ. जगत राम ने नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेशुमार उपलब्धियां हासिल की हैं। बतौर पीजीआई निदेशक डॉ. जगत राम का कार्यकाल 30 अक्तूबर 2021 को पूरा होगा। बताया जाता है कि पीजीआई चंडीगढ़ के निदेशक बनने वाले दूसरे हिमाचली हैं। खेतीबाड़ी करने वाले अनपढ़ पिता के बेटे डॉ. जगत राम बेहद ही साधारण शख्सियत हैं। बतौर निदेशक कार्यभार संभालने से पहले ऐसी भी खबरें आई थी कि पीजीआई के परिसर में एक मर्तबा पेड़ के नीचे सोकर भी रात बिताई थी। उल्लेखनीय है डॉ. जगत राम के दो भाई आज भी दूध बेचकर परिवार चलाते हैं।
उधर डॉ. उमेश भारती की बदौलत बंदरों व कुत्तों के काटने का इलाज सस्ता हुआ है। डॉ. भारती ने एंटी रैबीज प्रोटोकॉल तैयार किया था, जिसे डब्ल्यूएचओ ने मान्यता प्रदान की थी। मूलतः कांगड़ा के रहने वाले डॉ. उमेश भारती इस वक्त शिमला में तैनात हैं। डब्ल्यूएचओ की मान्यता के बाद डॉ. भारती का शोध देश के सामने आया था। इसके मुताबिक जहां रैबीज के इलाज पर 25 से 35 हजार रुपए का खर्चा आता था, वहीं डॉ. भारती के शोध के बाद यह घटकर 300 रुपए रह गया। इस शोध को विश्व स्तर पर लागू किया गया है।
उधर अंतरराष्ट्रीय कबड्डी स्टार ने अपनी काबलियत के बूते न केवल प्रदेश बल्कि देश का नाम विश्व स्तर पर रोशन किया। पिछले एशियन गेम्स में भारतीय टीम की झोली में रजत पदक भी अजय ठाकुर की बदौलत आया था। मूलतः सोलन के नालागढ़ उपमंडल के दभोटा के रहने वाले अजय ठाकुर की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियों की लंबी फेहरिस्त है। कुल मिलाकर डॉ. भारतीय व अजय ठाकुर ने देवभूमि को गौरवान्वित किया है।
इस लिंक पर पढ़ें पीजीआई निदेशक से जुडी खबर
देश के सर्वोच्च स्वास्थ्य संस्थान PGI चंडीगढ़ में हिमाचल का डंका, सिरमौरी बेटा बना निदेशक https://goo.gl/DLfXor
इस लिंक पर पढ़ें डॉ भारती से जुडी खबर
वाह! हिमाचली बेटे डॉ. भारती ने दिखाई राह, पागल कुत्ते-बंदर के काटने की दवा को WHO की मंजूरी https://goo.gl/kj2MPH
इस लिंक पर अजय ठाकुर की खबर
इस लिंक पर अजय ठाकुर की खबर https://goo.gl/VWizR2