धर्मशाला (एमबीएम न्यूज़) : राज्य स्तर्कता विभाग के एक दल ने आज नगरोटा सूरियां पुलिस पोस्ट के प्रभारी सहायक सब इंस्पेक्टर कर्म सिंह को रंगे हाथों रिश्वत लेते हुये गिरफ्तार किया। यह जानकारी देते हुये राज्य स्तर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधी शाखा, उत्तरी क्षेत्र धर्मशाला के पुलिस अधीक्षक विमल गुप्ता ने बताया कि इंस्पेकटर ओम प्रकाश, प्रेम चंद, रणधीर सिंह व अन्य को अपने फील्ड प्रवास के दौरान जवाली निवासी राजेश कुमार ने लिखित शिकायत दर्ज करवाई थी कि एक आबकारी मामले में कर्म सिंह उससे रिश्वत की मांग कर रहा है।
उन्होंने बताया कि शिकायत प्राप्त होने पर कर्म सिंह को पकड़ने के लिये योजना बना कर भेजा गया जहां आरोपी कर्म सिंह को 3 हजार रूपये की रिशवत लेते हुये रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि राज्य स्तर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधी शाखा धर्मशाला में भ्रष्टाचार निरोधी अधिनियम की धारा 7 व 13(2) के अर्न्तगत मामला दर्ज लिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी कर्म सिंह को 25 जुलाई को धर्मशाला न्यायालय में विशेष न्यायाधीश के समक्ष पेश किया जायेगा।