वी कुमार/मंडी
योसीगूजू रियो कराटे डू हिमाचल के द्वारा तीसरी राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न वर्गों में मंडी के 5 खिलाडि़यों ने स्वर्ण पदक हासिल किए हैं। इंडस स्कूल में आयोजित इस प्रतियोगिता में चार राज्यों के 100 खिलाडि़यों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में काता और कुमीते दो प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन करवाया गया। जिसमें पंजाब, राज्यस्थान, उत्तराखंड व हिमाचल के खिलाडि़यों ने खूब दमखम दिखाया। इस प्रतियोगिता में मंडी के अंकुश, सिमांत, निशांत, सारांश व अक्षय ने स्वर्ण पदक हासिल किया जबकि सोनाक्षी, समर्थ, शबनम, अंकित और करूणेश ने रजत पदक अपने नाम किया।
इसके साथ ही बैस्ट कराटे का अवार्ड अक्षय और सोनाक्षी ने अपने नाम किया। इस प्रतियोगिता के बाद चयनित खिलाड़ी मलेशिया में होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। अपने प्रदेश व देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन मंडी के अध्यक्ष अजय राणा ने सभी खिलाडि़यों को बधाई दी। कहा कि कराटे स्वस्थ रहने के साथ-साथ आत्मरक्षा के लिए बहुत आवश्यक है।
वहीं प्रतियोगिता में भाग लेने वाली लड़कियों का मानना है कि आज के समय में आत्मरक्षा के गुर सीखना लड़कियों के लिए आवश्यक हो गया है। आए दिन लड़कियों के साथ दुर्व्यवहार की घटनाएं सामने आती है। मगर जब लड़कियां कराटे या मार्शल आर्ट जानती हो तो इसी घटनाओं से बचा जा सकता है। मनचलों को सबक सिखाया जा सकता है। प्रतियोगिता में भाग ले रही लड़कियों के अनुसार सभी लड़कियों को आज के समय में आत्मरक्षा के गुर सीखने चाहिए।