वी कुमार/मंडी
छोटी काशी का युवा चित्रकार आज विश्व स्तर पर अपनी पहचान बना रहा है। यह तीसरा मौका है जब मंडी के अमन कुमार की बनाई पेंटिंग्स की प्रदर्शनी विदेशी धरती पर लगी है। मलेशिया की राजधानी कुआलालम्पुर में लगी प्रदर्शनी में विश्व के नामी चित्रकारों के साथ मंडी के अमन कुमार के चित्रों को भी प्रदर्शित किया गया। इसी वर्ष अमन यूक्रेन और स्लोविनिया में भी अपनी पेंटिंग्स की प्रदर्शनी लगा चुका है।
कुछ दिन पहले वाटर कलर पेंटिंग को लेकर ऑनलाइन वर्ल्ड कॉम्पिटिशन हुआ। इसमें अमन ने भी भाग लिया और उसकी पेंटिंग्स को विश्व स्तर की प्रदर्शनी के लिए सिलेक्ट किया गया। इसके बाद अमन मलेशिया गया जहां पर चार दिनों तक चली प्रदर्शनी में अपनी पेंटिंग्स को प्रदर्शित किया। प्रदर्शनी में अमन की बनाई हुई दो पेंटिंग्स प्रदर्शित हुई जिसमें उन्होंने हिमाचली परिवेश की झलक को विश्व पटल पर पेश किया। अमन के साथ विश्व के कई नामी चित्रकार इस प्रदर्शनी में शामिल होने आए थे। वहीं भारत के भी कई नामी चित्रकार इस प्रदर्शनी में पहुंचे हुए थे जबकि हिमाचल से सिर्फ अमन कुमार ने ही वहां पर अपने हुनर का प्रदर्शन किया। अमन ने बताया कि उन्हें विश्व के कई नामी चित्रकारों से मिलने का मौका मिला और काफी कुछ सीखने को भी मिला। अमन ने इस प्रदर्शनी को अपने जीवन का सुखद अनुभव बताया।
बचपन में पिता से सीखा पेंटिंग का हुनर
23 वर्षीय अमन कुमार शहर के थनेहड़ा मुहल्ले के रहने वाला है। अमन कुमार के पिता राजेश कुमार शिक्षक और जाने-माने चित्रकार है। राजेश कुमार ने बताया कि अमन को बचपन से ही पेंटिंग का शौक था और जब भी वह पेंटिंग करते तो अमन उसे ध्यान से देखकर सीखता रहता। स्कूल और कॉलेज टाईम में अमन ने पेंटिंग में कई ईनाम जीते। आज राजेश को इस बात पर गर्व महसूस हो रहा है कि उसका बेटा विश्व स्तर पर अपनी एक अलग पहचान बनाता जा रहा है। अमन ने मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। अमन का कहना है कि पेंटिंग उनका जुनून बन चुकी है और वह इस क्षेत्र में और आगे जाना चाहते हैं।
Latest
- हिमाचल में चुनाव आयोग ने दी नियुक्तियों व तबादलों को मंजूरी, 61 मामले मंजूर
- उपचुनाव : नेता चुनावों में मस्त, बस स्टैंड के मुद्दे पर दशकों से जनता हो रही त्रस्त
- अगर खान-पान की बात करोगे तो बात सोने-चांदी तक भी जाएगी, वो कहां से आए
- नाहन में नरेंद्र मोदी का बड़ा चौक से चौगान तक का सफर, 34 साल बाद प्रधानमंत्री की होगी मौजूदगी
- नाहन : माइक्रो ऑब्जर्वर मतदान प्रक्रिया का गहनता से करें अवलोकन : जंग बहादुर