अमरप्रीत सिंह/सोलन
शहर में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी मंगलवार को अचानक ही बहन प्रियंका गांधी के साथ नजर आए। शिमला में छराबड़ा जाते समय सोलन में राहुल व प्रियंका गांधी ब्रुरी स्थित तरनतारन ढाबे में 15 मिनट के लिए रुके। यहां हल्का भोजन खाने के बाद शिमला की तरफ रवाना हो गए। जैसे ही राहुल व प्रियंका गांधी के सोलन पहुंचने की सूचना कुछ कांग्रेसी नेताओं को मिली तो उनसे मिलने पहुंच गए।
इस दौरान राहुल गांधी ने स्थानीय कांग्रेसी नेताओं के साथ आगामी लोकसभा चुनावों को लेकर चर्चा की। साथ ही राहुल गांधी ने उन्हें दिल्ली आने का निमंत्रण भी दिया। होटल के मालिक सुनील दत्त ने बताया की राहुल गांधी व प्रियंका परिवार सहित वहां पर कुछ समय के लिए रुके थे। उन्होंने वहां मैगी खाई और स्थानीय कांग्रेसियों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को अचनाक सामने देखकर वो हैरान रह गए।
बताया यह भी जा रहा है कि राहुल गांधी कांग्रेसियों से हाईवे किनारे शिमला संसदीय सीट पर युवा प्रत्याशी के पक्षधर नजर आए। इस पर कांग्रेसियों ने राहुल को विनोद सुल्तानपुरी का नाम सुझाया। इसके अलावा गाडि़यों का काफिला देखकर आसपास की महिलाएं भी एकत्रित हो गई।