एमबीएम न्यूज़/नाहन
जिला युवा सेवा एवं खेल विभाग 29 दिसंबर को नाहन में राज्य स्तरीय लंबी व मध्यम दूरी की दौडों का आयोजन कर रहा है। इस प्रतियोगिता में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए जिला खेल अधिकारी सुशील शर्मा ने बताया कि हर जिला में पहले ही इस प्रतियोगिता का आयोजन चल रहा है। 12 जिलों से जो प्रतिभागी अपने-अपने जिले में पहले से तीसरी पोजीशन हासिल करेंगे वह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता अपने जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस प्रतियोगिता में 13 से 15 वर्ष आयु वर्ग के लड़के व लड़कियों के लिए 3000 मीटर व 16 से 19 वर्ष आयु वर्ग के लड़के व लड़कियो के लिए 5000 मीटर की दौडों का आयोजन किया जाएगा। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम तीन स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागियों को सभी वर्गों में क्रमशः 15 हजार, 10 हज़ार व 8 हज़ार की नकद राशि का ईनाम दिया जाएगा। सभी भाग लेने वाले प्रतिभागियों को यात्रा, दैनिक भत्ता व बस किराया (निकटतम मार्ग से) विभाग द्वारा वहन किया जाएगा।