वी कुमार/मंडी
28 नवंबर को ऐतिहासिक पड्डल मैदान में होने जा रहे हिमाचल प्रदेश भाजपा के पहले पन्ना प्रमुख सम्मेलन से पहले मंडी शहर में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। आज इस सफाई अभियान का आगाज पड्डल मैदान के पास साफ-सफाई करके किया गया। इसमें हिमाचल भाजपा के महामंत्री एवं मंडी संसदीय क्षेत्र के प्रभारी राम सिंह सहित नगर परिषद मंडी के भाजपा समर्थित पार्षद और महिला मोर्चा की पदाधिकारी और कार्यकर्ता विशेष रूप से उपस्थित रही।
बस स्टैंड के पास दुदर की तरफ जाने वाली सड़क पर यह सफाई अभियान चलाया गया और यहां पसरी गंदगी को हटाने का कार्य किया गया। सभी ने शिद्दत के साथ इस सफाई अभियान में भाग लिया। हिमाचल भाजपा के महामंत्री राम सिंह ने मीडिया कर्मियों से बातचीत के दौरान कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए स्वच्छ भारत अभियान से आज गांव की गलियां तक साफ हुई है और लोगों में स्वच्छता के प्रति नई जागरूकता आई है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का जहां पर भी कोई सम्मेलन होता है, उससे पहले भाजपा सफाई अभियान जरूर चलाती है। उन्होंने बताया कि कल मंडी शहर के सभी 13 वार्डों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा, ताकि सम्मेलन से पहले शहर को साफ और सुंदर बनाया जा सके। उन्होंने बताया कि सम्मेलन समाप्ति के बाद पड्डल मैदान में जितनी भी गंदगी होगी उसे भी भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा विशेष सफाई अभियान चलाकर हटाया जाएगा।