एमबीएम न्यूज़/ नाहन
भाजपा शिमला संसदीय क्षेत्र ग्राम केन्द्र प्रमुख सम्मेलन का आयोजन आज नाहन में हुआ। जिसमें भाजपा के संगठनात्मक जिले शिमला, महासू, सोलन और सिरमौर जिला के करीब 527 ग्राम केन्द्र प्रमुखों ने हिस्सा लिया। सम्मेलन में 2019 के लोकसभा चुनाव के दृष्टिगत पार्टी को संगठन स्तर पर मजबूत करने के साथ त्रिदेव के बल पर चुनाव जीतने की रणनीति पर गहन चर्चा हुई। इसके साथ ही ग्राम प्रमुखों से एक जुट होकर लोकसभा चुनाव के लिए कमर कसने का आहवान भी किया गया। हालांकि त्रिदेव के नामो का खुलासा नहीं किया गया लेकिन माना जा रहा था कि ईशारा सीएम जयराम ठाकुर, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा व पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल की तरफ था।
शिमला संसदीय क्षेत्र के प्रभारी एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता डॉ. राजीव सैजल ने सम्मेलन के उदघाटन सत्र में हमारा वैचारिक अधिष्ठान एवं हमारा परिवार विचार परिचय पर अपने सम्बोधन में कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। भाजपा वैचारिक और दर्शन पर आधारित राजनीतिक दल है जहां व्यक्तिगत हित की अपेक्षा राष्ट्रीय और समाज हित सर्वोपरि माना जाता है। उन्होंने कहा कि हमें अपने इतिहास को कभी नहीं भूलना चाहिए और इतिहास की सही जानकारी होना भी अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि विभिन्न राजनीतिक दलों ने अपनी सुविधा से देश के इतिहास को तोड़-मरोड़ कर प्रस्तुत किया है।
उन्होंने कहा कि विश्व की सबसे उंची प्रतिमा 182 मीटर लोहपुरूष सरदार पटेल की जयंती के अवसर पर आगामी 31 अक्तूबर को मंडल स्तर पर रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया जा रहा ह। इसके अलावा 2 अक्तूबर से 31 जनवरी तक 150 किलोमीटर की पदयात्रा हर मंडल कार्यकर्ता के लिए लक्ष्य रखा गया है।
विधायक सुखराम चौधरी, मुख्य सचेतक हि.प्र. विधानसभा नरेन्द्र बरागटा व कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष बलदेव भंडारी, ने विभिन्न सत्रों की अध्यक्षता करते हुए संगठन के विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
खुले सत्र के दौरान ग्राम केन्द्र प्रमुखों ने संगठन को मजबूत करने की दृष्टि से कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए जिसे संगठन स्तर पर कार्यान्वित करने का निर्णय लिया गया। समापन सत्र की अध्यक्षता करते हुए लोकसभा सांसद वीरेन्द्र कश्यप ने केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार और प्रदेश की जयराम ठाकुर सरकार की योजनाओं और कार्यप्रणली पर प्रकाश डाला।
सम्मेलन में भाजपा प्रदेश महामंत्री चंद्रमोहन ठाकुर, पच्छाद के विधायक सुरेश भारद्वाज, चौपाल के विधायक बलबीर वर्मा, डेजी ठाकुर, रतन पाल, शशी दत्त, रवि मैहता, केएल ठाकुर, अजय श्याम सहित पार्टी और संगठन के पदाधिकारियों के अलावा सिरमौर भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता, मंडल अध्यक्ष दीन दयाल वर्मा भी उपस्थित रहे।