सोलन (एमबीएम न्यूज) : तीन नाबालिग छात्राओं समेत कुल चार लड़कियों के लापता होने की घटना में पुलिस को आंशिक सुराग मिलने शुरू हो गए हैं। पुलिस को पता चला है कि चारों ही लड़कियां 8 जुलाई को शिमला पहुंची थी। एक लडक़ी के रिश्तेदार के घर में शाम तक रूकी थी। इसके बाद एक लडक़ी रामपुर चली गई थी। चारों लड़कियां अपने-अपने रिश्तेदारों के घर जाने के बाद अलग हो गई।
बताया जा रहा है कि जिस रिश्तेदार के घर सबसे पहले चारों पहुंची थी, वहां पुलिस ने रिश्तेदार के बयान कलमबद्ध कर लिए हैं। इस घटना से क्षेत्र में खासी हलचल है। सूत्रों का कहना है कि पुलिस चारों लड़कियों की बरामदगी के मामले में हर संभव कोशिश करने में जुटी हुई है।
फिलहाल अपने एक्शन प्लान को पुलिस साझा नहीं करना चाहती, लेकिन यह भी बताया जा रहा है कि मोबाइल लोकेशन से भी लापता लड़कियों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। सूत्रों की मानें तो पुलिस को यह भी लग रहा है कि चारों लड़कियां अपनी मर्जी से ही घर से भागी हैं। यह अलग बात है कि कारणों का खुलासा इन लड़कियों की बरामदगी के बाद ही हो पाएगा।
उधर संपर्क किए जाने पर एएसपी बीएस ठाकुर ने कहा कि पुलिस गंभीरता से कार्रवाई कर रही है। उन्होंने इस बात की पुष्टि की कि चारों लड़कियां घर से लापता होने के बाद शिमला में एक रिश्तेदार के घर गई थी। इसके बाद लड़कियां कहां गई, इस बात का जल्द ही पता लग जाएगा।