एमबीएम न्यूज़/कुल्लू
लाहौल की बेटी नन्हीं पर्यावरणविद कल्पना ठाकुर को राष्ट्रीय ग्रीन ब्रेंड एंबेसडर अवार्ड से सम्मानित किया गया है। यह अवार्ड कल्पना ठाकुर को नाहन में आयोजित एनवायरनमेंट एंड फोम में दिया गया। भारत सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्रालय के सौजन्य से आयोजित इस फेस्टिवल में कल्पना ने यह अवार्ड नाहन के उपायुक्त ललित जैन के हाथों लिया है। इस अवार्ड को पाकर कल्पना बेहद खुश है। इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में कल्पना की तारीफों के पुल बांधे गए। नन्हीं कल्पना छोटी उम्र में ही हिमालय क्षेत्र में पर्यावरण की अलख जगा रही है। गौर रहे कि कल्पना जहां प्रेस क्लब कुल्लू की ब्रेंड एंबेसडर है। वहीं हाल ही में कल्पना 18 हजार 833 फुट ऊंची खरदुंगला पीक पर 15 अगस्त को तिरंगा लहरा चुकी है।
कल्पना के साथ उनके पिता अंतरराष्ट्रीय पर्यावरणविद एवं ग्रीन मैन किशन ठाकुर भी खरदुंगला पीक फतह करने गए थे। इससे पहले गत वर्ष कल्पना ठाकुर मूलिंग पीक फतेह कर चुकी हैं। ग्रीन हिमालय क्लीन हिमालय और बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के संदेश को पश्चिमी हिमालय में फैलाने के लिए कल्पना ठाकुर का बेहद योगदान है। कई दर्रों को पार करने के अलावा खरदुंगला चोटी को फतह किया। प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय पर्यावरणविद किशन लाल के घर जन्मी नन्हीं पर्यावरणविद कल्पना ठाकुर वो शख्सियत है जो बचपन से पेड़ों को भाई मानती है। राखी बांधकर उनकी रक्षा करती है।
वर्तमान में 2 वर्ष से प्रेस क्लब के हिमालय बचाओ अभियान में जुटी हुई हैं। पर्यावरण के क्षेत्र में इस नन्हीं पर्यावरणविद कल्पना ठाकुर को वेदराम मैमोरियल पुरस्कार के अलावा अन्य कई पुरस्कार भी मिल चुके हैं। कल्पना ट्रैकिंग, माउंटेनरिंग व रॉक क्लाइमिंग आदि विधाओं में भी निपुण है। पर्यावरण व बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान को लेकर इस बेटी में बेहद जुनून है। यही नहीं कल्पना द्वारा हिमालय की नदियों को बचाने के बारे में गांवों के लोगों और संस्थाओं को जागरूक करने का कार्य भी सराहनीय है। ताकि हिमालय की नदियां स्वच्छ रह सके। दुनिया के कई देशों को सिंचित करती रहे। प्रेस क्लब ऑफ कुल्लू के प्रधान धनेश गौतम ने बताया कि पिछले 3 वर्षों से ग्रीन हिमालय क्लीन हिमालय का अभियान क्लब ने छेड़ रखा है।
इसके तहत कुल्लू से लेकर लेह-लद्दाख तक ब्रेंड एंबेसडर किशन लाल व कल्पना जागरूक कर और हिमालय की चोटियों में सफाई अभियान छेडकऱ हिमालय को ऑक्सीजन देने का संदेश दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि किशन लाल व कल्पना स्वेच्छा से प्रेस क्लब ऑफ कुल्लू के इस अभियान को चलाए हुए हैं। अभी इसी कड़ी में पश्चिमी हिमालय के जनताजीय जिला लाहौल-स्पीति में इस संदेश को लेकर यह साहसिक दल जा चुका है।
प्रेस क्लब के चेयरमैन राजीव शर्मा ने इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि प्रेस क्लब ऑफ कुल्लू लेखनी के अलावा समाजिक क्षेत्र में भी बेहद सराहनीय कार्य कर रहा है। नन्हीं पर्यावरणविद कल्पना इस कार्य को बखूवी कर रही है। उधर कल्पना को यह अवार्ड मिलने से कुल्लू व लाहौल में खुशी की लहर है। वन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, कृषि मंत्री राम लाल मार्कंडेय सहित कई लोगों ने कल्पना को इस कामयाबी के लिए बधाई दी है।