एमबीएम न्यूज़/नाहन
भाजपा की वादा खिलाफी के विरोध में अंतरराष्ट्रीय विश्व हिन्दू परिषद ने विद्रोह का बिगुल फूंक दिया है। 21 अक्टूबर के बाद अंतरराष्ट्रीय विश्व हिन्दू परिषद मंदिर निर्माण के लिए अपने सभी फ्रंटल आर्गेनाइजेशन के साथ अयोध्या कुच करेगी। अंतरराष्ट्रीय बजरंग दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज कुमार ने मंगलवार को यहां आयोजित प्रेस वार्ता में यह ऐलान किया। मनोज ने कहा कि भाजपा जिन मुद्दों को लेकर सत्ता में आई थी। वह वो सब भूल चुकी है। देश को कांग्रेस मुक्त करने चली भाजपा आज कांग्रेस युक्त हो कर रह गई है।
उत्तरप्रदेश में रीटा बहुगुणा जोशी व उत्तराखंड में हरक सिंह रावत जैसे कोंग्रेसी नेता आज भाजपा की सरकार मे सत्ता का मजा ले रहे है। 20 से ज्यादा राज्यों में भाजपा की सरकार होने व केंद्र में पूर्ण बहुमत की सरकार होने के बावजूद सरकार ने एक भी ऐसा काम नहीं किया जिससे हिन्दुओं का उद्धार हो। तीन तलाक जैसे मुद्दों में केंद्र सरकार उलझ कर रह गई है। कश्मीर में हर रोज़ भारतीय सैनिकों की बर्बरता पूर्ण हत्याएं हो रही है। 56 इंच का सीना सिकुड़ कर रह गया है। जिन लोगों ने दिनरात मेहनत कर भाजपा को सत्ता में बिठाया।
उन्ही को आज चुन-चुन कर हाशिए पर धकेला जा रहा है। बेरोजगारों को रोजगार के नाम पर कॉस्ट कटिंग का बहाना कर बड़ी कंपनियां नौकरियों से बाहर का रास्ता दिखा रही है। देश में हिन्दुओं की लड़कियां सुरक्षित नहीं है। 38 लाख के करीब लड़कियों से बलात्कार के मामले घटित हुए है। हज यात्रा के लिए अनुदान दिए जा रहे है। वहीं 497 व 377 जैसी धाराओं में संशोधन से साफ़ हो गया है कि मोदी सरकार की नियति व नियत में कितना अंतर है। इन संशोधनों के बाद देश की संस्कृति का ह्रास हो रहा है।
जम्मू कश्मीर में धारा 370 को हटाने में सरकार पसीने आ रहे है। उन्होंने कहा कि 20 करोड़ हिन्दुओं के हस्ताक्षर अभियान से अयोध्या में राम मंदिर निर्माण रास्ते का आगाज हो चूका है। हर हाल में अयोध्या में मंदिर का निर्माण करना राष्ट्रीय विश्व हिन्दू परिषद् का टारगेट है, भले इसके लिए कितनी ही कुर्बानिया देनी पड़ें। इस मौके पर रजनी ठुकराल, संजय गुप्ता व वनीश राणा मौजूद रहे।