एमबीएम न्यूज़/हमीरपुर
नादौन डिग्री कॉलेज में शुक्रवार को उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब अखिल भारतीय विद्यार्थी विद्यार्थी परिषद तथा एसएफआई के कार्यकर्ताओं में खूनी झड़प हो गई। इस झड़प में चार छात्र बुरी तरह घायल हो गए। इनमें तीन छात्र संजीव, दीपक व शुभम एसएफआई तथा एक छात्र मोहित अभाविप का है। चारों के सिर पर गंभीर घाव हैं।
बताया जा रहा है कि इस झड़प में ग्रिप, रॉड व डंडों का खूब प्रयोग हुआ। लड़ते-लड़ते यह छात्र प्राचार्य के कमरे तक पहुंच गए। वहां इन्होंने लड़ाई रूकवाने आए प्राध्यापकों व प्राचार्य के साथ भी दुर्व्यवहार किया। जिससे गुस्साए कॉलेज स्टाफ ने कॉलेज बंद करके पुलिस थाना में जा कर सुरक्षा की मांग की तथा कहा कि जब तक उन्हें सुरक्षा का भरोसा नहीं दिलाया जाता, तब तक वह लोग सांकेतिक हड़ताल पर रहेंगे। प्राध्यापकों ने कहा कि शनिवार को वह इस घटना के विरोध में अध्यापन कार्य नहीं करेंगे।
घटना में घायल छात्रों को नादौन अस्पताल पहुंचाया जहां उनका उपचार चल रहा है। पता चला है कि शुक्रवार सुबह कॉलेज कैंपस के निकट दोनों ही दलों के छात्र काफी संख्या में एकत्रित हुए थे, जिसे देख कॉलेज प्रशासन ने पुलिस को भी सूचना दे दी थी। परंतु अचानक ही किसी बात को लेकर दोनों ही गुटों में झड़प आरंभ हो गई। इसी दौरान कुछ छात्र दौड़ते हुए कॉलेज प्राचार्य के कमरे तक पहुंच गए परंतु दूसरे गुट के छात्रों ने पीछा करते हुए इन्हें वहीं मारना आरंभ कर दिया। झगड़े को रोकने के लिए जैसे ही उप प्राचार्य डा. चंदन तथा अन्य प्राध्यापक वहां पहुंचे तो कुछ छात्रों ने उनसे भी गाली गलौच आरंभ कर दिया।
इस दौरान एक महिला प्राध्यापक को भी छात्रों के गुस्से का शिकार होना पड़ा। गौर हो कि बीरवार को भी एसएफआई की आम सभा के दौरान दोनों ही गुटों में संघर्ष हुआ था इस दौरान भी कुछ छात्रों ने प्राध्यापकों के साथ दुव्र्यवहार करने का प्रयास किया था। परंतु सांय तक दोनों ही गुटों में समझौता हो गया था। दोनों ही छात्र गुटों ने एक दूसरे पर झगड़ा पहले आरंभ करने का आरोप लगाया है। वहीं कॉलेज प्रशासन का आरोप है कि कुछ बाहरी युवा माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं।
उधर अभाविप ने आरोप लगाया है कि कॉलेज प्रशासन उनके साथ भेदभाव कर रहा है वहीं एसएफआई का आरोप है कि उन्हें जानबूझ कर तंग किया जा रहा है। थाना प्रभारी महेन्द्र सिंह ने बताया कि हालात नियंत्रण में हैं तथा मामले की छानबीन की जा रही है। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से शिकायत मिली है। जबकि घायलों का मैडीकल करवाया गया है।
Latest
- बच्चों ने पढ़ाते हुए वीडियो बना किया वायरल, गुस्साई अध्यापिका ने क्लास को छुरी दिखा धमकाया
- पांवटा साहिब : शिव मंदिर में ब्राह्मण सभा की बैठक, परशुराम जयंती की तैयारियों पर हुई चर्चा
- हिमाचल के चार IPS लाल, अशांत राज्यों में निडरता से राष्ट्रीय पहचान, जानिए कौन हैं वो सिंघम…
- माता पद्मावती कॉलेज ऑफ़ नर्सिंग में राष्ट्रीय कांफ्रेंस, प्रौद्योगिकी के नवीनतम अद्यतन पर चर्चा
- ऊना : बाइक स्किड होने से दो युवकों की मौत, एक घायल