एमबीएम न्यूज़/कुल्लू
जिला कुल्लू के डोभी विहाल के पास तिब्बती कॉलोनी में ब्यास नदी के बीचों-बीच करीब 26 लोग फंस गए है। दोनों और ब्यास नदी ने रौद्र रूप धारण कर लिया है। हालांकि प्रशासन और रैस्क्यू दल मौके पर पहुंच गए हैं। मगर ब्यास के रौद्र रूप को देखकर रैस्क्यू दल और प्रशासन के इंतजाम कम हैं। ऐसे में वन एवं परिवहन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर और डीसी कुल्लू यूनुस ने सरकार से हैलीकॉप्टर के जरिए उन्हें रैस्क्यू करने की मांग की है।
बताया जा रहा है कि सरकार ने हैलीकॉप्टर का भी प्रबंध कर लिया है। मौसम खराब होने के कारण रैस्क्यू ऑपरेशन शुरू नहीं हाे पा रहा है। बताया जा रहा है जहां लोग फंसे हुए हैं, वहां पैराग्लाईडिंग की लैंडिंग साईट है। यहां पैराग्लाईडिंग करने वाले पर्यटकों की लैंडिंग करवाई जाती है। जिस कारण यहां पर्यटन व्यवसाय से जुडे़ हुए लोग अक्सर रहते हैं। वन एवं परिवहन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने बताया कि सरकार को स्थिति से अवगत करवा दिया है। सरकार की ओर से हैलीकॉप्टर की व्यवस्था भी की जा चुकी हैं।
मगर मौसम साफ होने पर ही हैलीकाॅप्टर उड़ान भर पाएगा। मौसम साफ होते ही फंसे हुए लोगों को रेस्क्यू करने के लिए हैलीकॉप्टर उडे़गा। उन्होंने बताया कि रैस्क्यू दल भू-मार्ग से भी रैस्क्यू करने की संभावनाएं देख रहा है। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में स्थिति नाजुक बनी हुई है। इस स्थान में फंसे हुए लोगों में पैराग्लाईडिंग से जुडे़ लोगाें के साथ-साथ पर्यटक भी हो सकते हैं। ज्यादातर लोग स्थानीय बताए जा रहे हैं।