एमबीएम न्यूज़/पावंटा साहिब
वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल नघेता की छात्राओं ने अंडर-14 और अंडर-19 जिला स्तरीय हाकी प्रतियोगिताओं में विजेता का खिताब अपने नाम किया है। अंडर-14 आयु वर्ग की छात्राओं की जिला स्तरीय हाकी प्रतियोगिता माजरा खेल मैदान में आयोजित की गई थी। इसमें नघेता विद्यालय ने पुरुवाला और सतौन को पराजित कर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया।
नघेता विद्यालय की ग्यारह छात्राओं का चयन राज्य स्तरीय हाकी प्रतियोगिता के लिए हुआ है। प्रतियोगिता का आयोजन करसोग (मंडी) में 14 से 17 सितंबर तक किया जा रहा है। नघेता विद्यालय की महिमा, सोनाली, प्राक्षी, पायल, सुषमा, सुहानी, मनस्वी, समृद्धि, शगुन, इशिता, कृषा आदि खिलाड़ी छात्राएं वर्तमान में बीबी जीत कौर विद्यालय में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में टीम कोच मनीष टंडन के मार्गदर्शन में कठोर अभ्यास कर रही है।
वहीं छात्राओं की अंडर-19 आयु वर्ग की जिला स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में भी नघेता विद्यालय की हाकी टीम ने भगानी व पुरुवाला विद्यालय को पराजित कर हाकी प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। नघेता विद्यालय की नौ छात्राओं का चयन राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में हुआ है। जिसका आयोजन अगले माह रेत (कांगड़ा) में हो रहा है। प्रीति, अमीषा, आशु, अंजू, अंकिता, साक्षी, हेमा, तेजस्वी और अनिता आदि छात्राएं राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता की तैयारी में अभी से जुट गई हैं।
नघेता विद्यालय के डीपीई मनीष टंडन ने बताया कि गत वर्ष भी इन दोनों आयु वर्गों की राज्य स्तरीय हाकी प्रतियोगिताओं में नघेता विद्यालय की खिलाड़ी छात्राओं ने शानदार खेल का प्रदर्शन कर सिरमौर जिला को हिमाचल में हॉकी का सिरमौर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। टीम कोच ने आशा जताई कि इस वर्ष भी ये खिलाड़ी छात्राएं राज्य स्तरीय हाकी प्रतियोगिता में शानदार खेल का प्रदर्शन करेंगी। गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में विजेता बन अपने विद्यालय, आंजभोज और सिरमौर का नाम पूरे हिमाचल में रोशन करेंगी।