नाहन: भारतीय किसान यूनियन हिमाचल प्रदेश ने सतारूढ भाजपा सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को समर्थन करने का पूरजोर ऐलान किया है। यूनियन का आरोप है कि प्रदेश सरकार ने यूनियन की हर मांग को दरकिनार किया है। नाहन में पत्रकारों से मुखातिब होते हुए यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष सुखदेव सिंह गिल ने कहा कि यूनियन ने यह फैसला प्रदेश कार्यकारिणी की एक विशेष बैठक के बाद लिया है। उन्होनें कहा कि बीते 8 अप्रैल को राष्ट्रीय अध्यक्ष की अध्यक्षता में पार्टी का राज्य स्तरीय सम्मेलन नाहन में हुआ था जिसमें सर्वसम्मति से कई प्रस्ताव पारित कर प्रदेश सरकार को भेजे गए थे और मुख्यमंत्री ने मांगो को पूरा करने के आश्वासन भी दिए थे। उन्होनें कहा कि यूनियन प्रदेश के किसान, बागवानों व यूनियन 10500 सदस्यों से आह्वान करती है कि भाजपा को दरकिनार कर कांग्रेस को समर्थन करे ताकि किसान बागवानों की समस्याओं का समाधान हो सकें। उन्होनें साफ किया कि कांग्रेस ने किसानों की समस्याओं को हल करने का वायदा यूनियन को दिया है।