एमबीएम न्यूज़/पांवटा साहिब
शहर में महिलाओं के प्रति अपराध रूकने का नाम नहीं ले रहे हैं। आए दिन यहां कानून से बेखौफ होकर महिलाओं के साथ जघन्य अपराधों को अंजाम दे रहे हैं।
करीब आधा दर्जन लोगों ने एक अध्यापिका के घर में घुसकर उसे अगवा करने की कोशिश की। विरोध किए जाने पर अध्यापिका व उसके बच्चों पर लाठी-डण्डों व लोहे की राडों से जानलेवा हमला किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार की सुबह करीब 11 बजे करीब आधा दर्जन लोग आईटीआई के समीप 50 वर्षीय अध्यापिका रेणु शर्मा पत्नी स्व. अशोक शर्मा के घर में घुस आए और उसे जबरन अगवा करने की कोशिश की गई।
इसके बाद अध्यापिका के दोनों बच्चे सिद्धार्थ (26) व केशव शर्मा (22 ) भी बीच-बचाव के लिए बाहर आये तो आरोपियों ने उन पर भी डण्डों व लोहे की राडों से हमला बोल दिया। उन्हें काफी अंदरूनी चोटें आई है। उनके बडे बेटे सिद्धार्थ के बाजू, गर्दन, टांगों व मुंह पर गम्भीर चोटें आईं हैं और उनके छोटे बेटे केशव की बाज़ुओं व टांग में गम्भीर चोटें आई है।
इस बाबत अध्यापिका रेणु शर्मा ने पुलिस थाना में करीब आधा दर्जन लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया है कि पुराने ज़मीनी विवाद के चलते आरोपियों द्वारा पहले भी कई बार उन्हें धमकाया जाता रहा है। जिसके बाद आज उनेके घर में घुसकर उन्हें अगवा करने की कोशिश की गई तथा बाद में उनके बच्चों सहित उनके साथ घर के बाहर जमकर मारपीट की गई।
उधर मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी (प्रोबेशन) पांवटा डा. प्रतिभा चौहान ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। फ़िलहाल घायलों का मेडिकल कराया जा रहा है।