एमबीएम न्यूज़/ पांवटा साहिब
पांवटा साहिब में सोमवार देर रात करीब 12:30 बजे कुछ अनजान लोगो द्वारा एक मनोरोगी को टक्कर मारकर फरार होने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार पिछले कई महीनों से पांवटा की सडकों पर यहां-वहां घूम रही एक मानसिक रूप से विकलांग महिला को बीती देर रात किसी अनजान वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी।
जिसके बाद कुछ मुसाफिरों द्वारा उसे सिविल अस्पताल पांवटा लाया गया। इस टक्कर में महिला के सर पर गहरी चोटें आई है, साथ ही उसकी बाजुओं पर भी चोटें आई हैं। फ़िलहाल घायल महिला सिविल अस्पताल पांवटा में ही उपचाराधीन है। मनोरोगी महिला ने अपना नाम कविता बताया है।
बता दें कि पिछले कई महीनों से क्षेत्र की सडकों पर करीब 4-5 मनोरोगी महिला व पुरूष भटक रहे हैं। जिनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के आदेशों के बाद जिला में घूम रहे मनोरोगियों की सूचना एकत्र करना एवं उनकी उचित व्यवस्था करने का जिम्मा पुलिस अधीक्षकों को दिया गया था।
पिछले कई महीनों से पांवटा की सडकों पर दिन-रात धक्के खा रहे बेसहारा मनोरोगियों की ओर मानो पुलिस व प्रशासन आखें मूंदे बैठा है।