अभिषेक मिश्रा/बिलासपुर
जिला में रविवार को एक महिला की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। इस महिला के ससुराल वालो की माने तो महिला ने खुद आत्महत्या की है। वहीँ अगर मायके वालो की माने तो यह आत्महत्या नही बल्कि हत्या है। जिला के सदर थाना के तहत आने वाले गांव चरणमोड़ (चिल्ला) दयोथ की विवाहिता रविना देवी (28) पत्नी कृष्ण लाल का है। रवीना के पति के अनुसार रवीना ने शनिवार देर रात फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है।
रात को ही महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए शव गृह बिलासपुर लाया गया था, जहा पर रविवार को महिला के शव का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया गया है। रवीना के मायके वालो का आरोप है कि उनकी बेटी ने आत्महत्या नहीं की है, बल्कि उसकी हत्या हुई है। रवीना के पिता रत्नलाल ने बताया कि देर रात को उन्हे उनकी बेटी के पति का फोन आया कि उनकी बेटी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। जिस पर वह बेटी के ससुराल पहुंचे।
बताया जा रहा है कि विवाहिता ने रसोईघर में फंदा लगाकर अपनी जान दी है। पिता का कहना है कि उनकी बेटी की शादी को 10 साल हो गए हैं। इस दौरान उसके ससुराल पक्ष के लोग उनकी बेटी को अकसर दहेज के लिए प्रताडि़त करते रहते थे और जमकर मारपीट करते थे। जिसको लेकर कई बार पंचायत में इसकी शिकायत की गई और पंचायत उनका समझोता करवाने के लिए कई बार घर पर गई और कई बार पंचायत प्रधान-उपप्रधान और सदस्यों ने इस मामले को शांत करवाया, जिसके बाद भी यह लोग अकसर उसे दहेज के लिए प्रताडि़त करते रहते थे। उन्होंने बताया की उनकी बेटी इतनी कमजोर नही थी की आत्महत्या करे अगर उसे आत्महत्या करनी होती तो आज को कब की कर चुकी होती। मेरी बेटी को मारा गया है इसकी जांच होनी चाहिए।
वहीं विवाहिता के बड़े भाई महेंद्र कुमार व छोटे भाई किशोरी लाल का कहना है कि 10 मई को उनके पिता भी वहां पर गए थे। जिसमें उनकी बहन काफी परेशान थी। वहीं विवाहिता के चाचा कालूराम का कहना है कि जहां पर उनकी बेटी ने फंदा लगाया है, वहां से लगता है ही नहीं कि उसने फंदा लगाया है। ऐसे में उन्होंने आरोप लगाया है कि उसकी हत्या की गई है। इसकी जांच होनी चाहिए। बहरहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
वहीं एसपी बिलासपुर अशोक कुमार का कहना है कि पुलिस ने विवाहिता के परिजनों के बयान पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतका का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया है। मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।