माधवी पंडित / नूरपुर
शहर के समीप चंबा रोड पर चक्की पुल खड्ड में सक्रिय मोर्टार मिलने से पूरा दिन हडकंप मचा रहा। एहतियात के तौर पर पूरे एरिया को सील कर दिया गया था। पठानकोट से सैन्य अधिकारी सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। एक्टिव मोर्टार मिलने के बाद क्षेत्र में काफी भीड़ उमड़ पड़ी।
जानकारी के मुताबिक मोर्टार शैल को सेना के विशेषज्ञों ने नष्ट कर दिया है। मौके पर पहुंच कर बम निरोधक दस्ते ने भी जायजा लिया। जानकारी के मुताबिक सक्रिय मोर्टार को नष्ट करने में लगभग डेढ़ घंटे का समय लगा। पुलिस का कहना है कि इस बात की छानबीन की जा रही है कि एक्टिव मोर्टार शैल इलाके में कैसे पहुंचा।
पढि़ए क्या होता है सक्रिय मोर्टार…
अक्सर बॉर्डर पर मोर्टार दागे जाने की खबरें मीडिया में मिलती हैं, लेकिन काफी कम लोग इस बात को जानते होंगे कि आखिर मोर्टार होता क्या है। युद्ध के लिए प्रथम विश्वयुद्ध में भी मोर्टार का इस्तेमाल हुआ था। स्पष्ट शब्दों में मोर्टार को स्टोक्स भी कहा जाता है। जबकि पिछले हिस्से को टेलफिल कहते हैं। इसका अगला हिस्सा फ्यूज होता है। इस फ्यूज के टकराने के बाद ही मोर्टार एक्टिवेट होता है और ब्लास्ट हो जाता है। शैल के बीच के हिस्से में विस्फोटक भरा होता है।