एमबीएम न्यूज़ / शिमला
कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सुक्खू ने प्रदेश भाजपा सरकार के सौ दिन पूरा होने पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि सरकार अधिकारियों-कर्मचारियों के तबादलों में ही व्यस्त रही और अपनी दिशा ही तय नहीं कर पाई। जिन उम्मीदों के साथ जनता भाजपा को सत्ता में लाई थी, वे सब धराशायी हो गईं। यही सरकार की सौ दिन की सबसे बड़ी उपलब्धि है। कानून-व्यवस्था का दिवाला निकल चुका है। क्राइम का ग्राफ तीन महीनों से चरम पर है।
रविवार को कांगड़ा जिला के जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के पंचरुखी में सुक्खू ने केंद्र की नरेंद्र मोदी और प्रदेश की जयराम सरकार पर हमले किए। हसाब दे सांसद-जवाब दे सांसद कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सुक्खू ने कहा कि देश के हालात बदतर हैं। नरेंद्र मोदी ने सत्ता में आने से पहले जनता को झूठे सपने दिखाए, बड़ी-बड़ी बातें की, लेकिन चार साल के कार्यकाल के बाद सब जुमला साबित हुई है।
मोदी ने जनता का विश्वास ने केवल तोड़ा, बल्कि लूटा है। जीएसटी-नोटबंदी के बाद रोजगार खत्म हुए व मंहगाई बढ़ी है। पेट्रोल पदार्थों की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि और आसमान छूती महंगाई ने आम आदमी का जीना दुश्वार कर दिया है। देश के साथ प्रदेश में भी हालात बदले हैं। जनता से मोदी सरकार को सत्ता से बेदखल करने का मन बना लिया है। प्रदेश के चारों सांसद दिल्ली में हिमाचल के हितों की रक्षा करने में नाकाम रहे हैं। चार साल में प्रदेश को कोई बड़ी सौगात नहीं मिली। पूर्व यूपीए सरकार में स्वीकृत प्रोजेक्ट का नींव पत्थर रखने में ही केंद्र सरकार व सांसदों का समय बीता है। प्रदेश की जनता सांसदों से उनके चार साल के कार्यकाल का हिसाब मांग रही है।
सुक्खू ने कहा कि 2 अप्रैल को भारत बंद के दौरान देश मे जो घटा वह निंदनीय है। कांग्रेस धर्मनिरपेक्ष विचारधारा पर चलते हुए इसे कतई सहन नहीं करेगी। 9 अप्रैल को सुबह 10 बजे पूरे सभी जिला हेडक्वार्टर पर सांप्रदायिकता के विरोध में और राष्ट्रीय शांति के लिए सामूहिक उपवास का आयोजन करेगी। केंद्र सरकार ने जातीय हिंसा पर काबू पाने को लेकर कोई कदम नहीं उठाए। इससे जान और माल का नुकसान हुआ ब कई भोले भाले लोगों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा ।