एमबीएम न्यूज़ / पावंटा साहिब
पावंटा कांग्रेस मंडल ने आज आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा को घेरने हेतु रणनीति बनाने के लिए बैठक का आयोजन किया गया। जोकि गुटबाज़ी और आपसी मतभेदों के चलते हंगामे की भेंट चढ गई।
बैठक के दौरान गुटों में बंटी पावंटा कांग्रेस की गुटबाजी एक बार फिर जगजाहिर हुई। कार्यकर्ताओं की निष्क्रियता को लेकर पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं में लगभग 15 मिनट तक तीखी नोकझोंक हुई। कार्यकर्ताओं के अनियंत्रित होने के कारण पूर्व विधायक किरनेश जंग सहित पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी ओंकार सिंह व कई नेता बैठक छोड़ कर चले गए।
हालांकि लगभग 15 मिनट की तीखी नोकझोंक के बाद मंडल अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने किसी तरह कार्यकर्ताओं को शांत किया।इस तीखी नोकझोंक के बाद आंजभोज क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट कर दिया कि आंजभोज क्षेत्र के लिए अलग से कांग्रेस मंडल बनाने की मांग की जाएगी।
आंजभोज क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ता पावंटा साहिब के कांग्रेस नेताओं की आपसी गुटबाजी को लेकर खिन्न नजर आए। उधर बैठक को दोबारा से संचालित करने के बाद मंडल अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि पावंटा विधायक सुखराम चौधरी ने चुनाव के समय किया एक भी वादा पूरा नहीं किया है।
पावंटा क्षेत्र में कानून व्यवस्था के बुरे हाल है। विकास बेपटरी हो गया है। अधिकारी व कर्मचारी जनता के कार्य नहीं कर रहे हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि क्षेत्र में पैदा स्थिति से निपटने के लिए और सांसद से हिसाब व जवाब मांगने के लिए एकजुट होकर आगे आए।
उधर पावंटा कांग्रेस के भीतर गुटबाजी को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में अश्वनी शर्मा ने कहा कि थोड़े बहुत मतभेद हर संगठन के भीतर रहते हैं लेकिन बूथ स्तर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एकजुट व मजबूत करके आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी को बढ़त दिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता एकजुट होंगे तो नेताओं को भी एकजुट होकर रहना पड़ेगा।