श्री रेणुका जी (एमबीएम न्यूज): थाना क्षेत्र रेणुका के तहत एक गृह रक्षक जवान की बीती रात घर की छत से नीचे खाई में गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। जवान रेणुका थाने में कार्यरत था। पुलिस ने शव का पोस्टर्माटम करवा कर इसे परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे पर जिला प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार जसमेर सिंह ने मृतक होमगार्ड के परिजनों को 20 हजार रुपये की फौरी राहत दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार होमगार्ड जवान कटाह शीतला पंचायत के खेरी जांगन गांव निवासी रणदीप सिंह (55 ) ददाहू में पुलिस थाने के साथ लगते दो मंजिला निर्माणाधीन मकान की छत पर सोया हुआ था। गहरी नींद में होने के चलते उसने संतुलन खो दिया तथा मकान की छत से नीचे गिर गया। जहां उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही डीएसपी मुख्यालय मनमोहन सिंह, एसएचओ रेणुका देवानंद गुलेरिया व वीआरओ अशोक पंवार घटनास्थल पर पहुंचे। जहां बाद में पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया। चर्तुथ वाहिनी गृह रक्षक विंग ददाहू यूनिट ने जवान की अकस्मात मौत पर गहरा दुख प्रकट किया है। साथ ही यूनिट ने जवान को श्रद्धांजलि भी दी। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी मुख्यालय मनमोहन सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।