शिमला (एमबीएम न्यूज़) : हिमाचल विधानसभा का बजट सत्र कल मंगलवार से शुरू हो रहा है। 13वीं विधानसभा का द्वितीय सत्र है और 27 दिसंबर को काबिज जयराम सरकार का पहला बजट सत्र है। सत्र की पहली बैठक सुबह 11 बजे शुरू होगी। बजट सत्र में इस बार राज्यपाल का अभिभाषण नहीं होगा। पहले दिन दिवंगत पूर्व विधायकों को श्रद्वांजलि दी जाएगी। इसके बाद प्रश्नकाल और अन्य विधायी कार्य निपटाए जाएंगे।
प्रश्नकाल में पहले दिन सदस्यों द्वारा 17 सवाल पूछे जाएंगे, जिनमें 15 तारांकित और 2 अतारांकित सवाल हैं, जिनका जवाब खाद्य आपूर्ति मंत्री किशन कपूर, ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा व वन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर देंगे। विधायकों अनिरूद्व सिंह, होशियार सिंह, इंद्र दत लखनपाल, जगत सिंह नेगी, रामलाल ठाकुर, सुखराम, मोहन लाल ब्राक्टा और विक्रम सिंह जरियाल की तरफ से सवाल पूछे गए हैं। बजट सत्र 6 अप्रैल तक चलेगा। इस दौरान कुल 17 बैठकें होंगी। 9 मार्च को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर अपना पहला बजट प्रस्तुत करेंगे। बजट सत्र में 400 से अधिक सवाल गूंजेंगे।
बजट सत्र में विपक्षी कांग्रेस तबादलों, धारा-118, आबकारी नीति और कर्ज के मुददे पर सरकार की घेराबंदी करेगी। भाजपा ने विपक्ष में रहते कर्ज के मुददे पर तत्कालीन वीरभद्र सरकार की जमकर खिलाफत की थी और चुनाव में इसे मुददा बनाया था। लेकिन भाजपा सरकार को भी सत्ता संभालने के बाद भी दो बार कर्ज लेना पड़ रहा है। हालत ऐसी है कि राज्य का कर्ज 47 हजार करोड़ पहुंच गया है। ऐसे में इस मुददे पर सरकार को सदन में विपक्षी कांग्रेस के तीखे तेवरों को सामना करना पड़ सकता है।
राहत की बात यह है कि सतारूढ़ भाजपा अपने दो माह के कार्यकाल के जनहित से जुड़े फैसलों को सदन में भुनाएगी। दो माह में जयराम सरकार ने गुडि़या व होशियार सिंह हेल्पाइन सहित, कर्मचारियों को 800 करोड़ के वितीय लाभ, जंगली जानवरों से बचाव के लिए मंत्रिमंडलीय उपसमिति का गठन करने जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं।
इस बीच सताधारी भाजपा और विपक्षी दल कांग्रेस शिमला में अलग-अलग बैठकें कर बजट सत्र को लेकर रणनीति तय कर रही हैं। होटल पीटरहॉफ में भाजपा विधायक दल की बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर कर रहे हैं। वहीं कांग्रेस विधायक दल विधानसभा सचिवालय में नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री की अध्यक्षता में बजट सत्र पर चर्चा कर रही है। पुलिस प्रशासन ने बजट सत्र को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। लगभग 300 पुलिस जवान विधानसभा परिसर के अंदर व बाहर तैनात किए जाएंगे।