शिमला (एमबीएम न्यूज़) : होली मना रहे लोगों को ट्रेक्टर ने कुचल दिया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं दो अन्य गम्भीर रूप से घायल हुए। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके पर से फरार हो गया, जिसे स्थानीय पुलिस ने उसे थोड़ी दूरी पर दबोच लिया।
घटना शिमला जिले के रामपुर उपमंडल के नोगली की है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक शुक्रवार दोपहर बाद तीन लोग सड़क किनारे होली मनाते हुए गुज़र रहे थे कि एकाएक पीछे से आ रहे एक ट्रैक्टर ने इन्हें कुचल दिया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। उसकी पहचान 40 वर्षीय देवेंद्र के रूप में हुई है और वह नोगली का रहने वाला है।
वहीं दो लोग गम्भीर तौर पर जख्मी हुए हैं और इन्हें इलाज के लिये रामपुर सिविल अस्पताल भर्ती किया गया है। बताया जा रहा है कि ट्रेक्टर चालक नशे में था। हादसे के बाद वह घटनास्थल से फरार हो गया, लेकिन रामपुर पुलिस ने उसे 5 किलोमीटर की दूरी पर दबोच लिया। चालक की पहचान सुरेंद्र के तौर पर हुई है। पुलिस ने इस हादसे को लेकर मामला दर्ज कर लिया है।