शिमला (एमबीएम न्यूज़): रोहडू थाना के अंतर्गत कांगड़ा नाला के समीप ब्लून कैंची के पास एक प्राइवेट बस बेकाबू होकर खाई में लुढ़क गई। आज सुबह सवा दस बजे के करीब हुई इस दुर्घटना में 29 लोग घायल हुए हैं। इन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल रोहडू भर्ती किया गया है। सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। हादसा रोहडू से 24 किलोमीटर दूरी पर हुआ है।
पुलिस ने बताया कि प्राइवेट बस नाडला कोच रामपुर से रोहडू की ओर जा रही थी और इसमें तीन दर्जन के करीब यात्री थे। फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। इस दुर्घटना में किसी तरह के जानी नुकसान की सूचना नहीं है।
सूचना मिलते ही पुलिस सहित बचाव टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने भी घायलों को खाई से बाहर निकालने में पुलिस का सहयोग किया। पुलिस ने केस दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।