सोलन (एमबीएम न्यूज़): उद्योग, श्रम एवं रोजगार, तकनीकी शिक्षा तथा व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री विक्रम सिंह ने आज सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर किक बॉक्सिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाडि़यों तथा उनके कोच एवं अंतरर्राष्ट्रीय रेफरी को सम्मानित किया।
विक्रम सिंह ने इस अवसर पर किक बॉक्सिंग खेल में 95 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी मनजोत सिंह, 70 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतने वाली खिलाड़ी मेघा, 75 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीतने वाली श्वेता, 63.5 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीतने वाले कंवरप्रीत सिंह, 75 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीतने वाले अंकित, 55 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीतने वाली मानसी ग्रोवर, 52 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीतने वाले रोहित तथा 69 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीतने वाले नितेश को सम्मानित किया।
उद्योग मंत्री ने किक बॉक्सिंग के राष्ट्रीय कोच संजय जसवाल तथा कोच एवं अंतर्राष्ट्रीय रेफरी सुनीता को भी सम्मानित किया। उन्होंने परेड में भाग लेने वाली सभी टुकडि़यों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम के प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया।
शिमला लोकसभा क्षेत्र से सांसद प्रो. वीरेन्द्र कश्यप, राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के उपाध्यक्ष पुरूषोत्तम गुलेरिया, जिला भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष पवन गुप्ता, भाजपा के वरिष्ठ नेता एचएन कश्यप, अर्की से भाजपा के उम्मीदवार रहे एवं प्रदेश भाजपा सचिव रत्न सिंह पाल, सोलन से भाजपा के उम्मीदवार रहे डॉ. राजेश कश्यप, नगर परिषद सोलन के अध्यक्ष देवेन्द्र ठाकुर, उपाध्यक्ष मीरा आनंद, पार्षदगण, भाजपा राज्य प्रवक्ता रितु सेठी, सोलन भाजपा मण्डल के अध्यक्ष रविन्द्र परिहार, जिला भाजपा कोषाध्यक्ष अमर सिंह ठाकुर, उपायुक्त हंसराज शर्मा, पुलिस अधीक्षक मोहित चावला, अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी विवेक चंदेल, अन्य वरिष्ठ अधिकारी तथा गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।