रिकांगपिओ (जीता सिंह नेगी): महाराष्ट्र में आयोजित अण्डर-19 स्कूली नैशनल बॉक्सिंग चैम्पियनशिप में हिमाचल की लड़कियों ने पूरे भारत वर्ष में तीसरा स्थान प्राप्त किया। बीस जनवरी से 24 जनवरी तक महाराष्ट्र के अकोला में आयोजित इस चैंपियनशिप में हिमाचल के 11 लडके तथा 12 लडकियों ने भाग लिया। जिस में से चार बॉक्सरों ने रजत पदक तथा चार ने कांस्य पदक हिमाचल के नाम किया। इस दौरान किन्नौर की तीन बॉक्सरों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दो रजत तथा एक कांस्य पदक जीत कर हिमाचल को पूरे देश में तीसरे पायदान पर पंहुचाया।
इस प्रतियोगिता के दौरान अण्डर-19 छात्र वर्ग में आशीष कुमार किन्नौर ने रजत पदक तथा छात्राओं की 81 किलो ग्राम वर्ग में राज कुमारी किन्नौर ने रजत पदक अपने नाम किया। इसी तरह छात्रों के 81 किलो वर्ग में आशीष कुमार बिलासपुर तथा छात्राओं को 75 किलो ग्राम वर्ग में सुनाली (कांगडा) ने भी रजत पदक पर कब्ज़ा जमाया।