शिमला (शैलेंद्र कालरा): निर्वाचित मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के रिज मैदान पर राजतिलक ‘शपथ ग्रहण’ में इतिहास बनने जा रहा है। संभवत: जिसके टूट पाने की भी संभावना कम होगी, क्योंकि यह मौका अपनी तरह का पहला व दुर्लभ होगा। देवभूमि में ऐसा पहली बार हो रहा है, जब एक दर्जन राज्यों के मुख्यमंत्रियों के शिरकत करने की संभावना है। साथ ही ताकतवर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इसके साक्षी बन रहे हैं। माना यह भी जा रहा है कि पहली बार प्रदेश कोई सीएम, देश के प्रधानमंत्री की मौजूदगी में पद व गोपनीयता की शपथ ले रहा है।
शाम तक पुलिस को यूपी, हरियाणा, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, झारखंड व असम के मुख्यमंत्रियों के आने की कंफर्मेशन मिली है। इसके अलावा दो राज्यों के उप मुख्यमंत्री भी समारोह में पहुंच रहे हैं। बात यही नहीं थमती, मैगा इवेंट में देश के तीन-चार केंद्रीय मंत्रियों के अलावा बीजेपी का बड़ा चेहरा लालकृष्ण अडवानी भी मौजूद रहेंगे। राजधानी की वादियों में वीवीआईपी आएंगे तो लाजमी तौर पर हैलीकाप्टर्स की भी बेशुमार लैडिंग होगी। जुटी जानकारी के मुताबिक 16-18 हेलीकॉप्टर लैंड होंगे, दो राज्यों के मंत्रियों को लाने के लिए अपनी सरकार का चौपर भी जाएगा।
अनाडेल हैलीपैड पर प्रधानमंत्री के चौपर उतरेंगे। सनद रहे कि प्रधानमंत्री के हवाई काफिले में अमूमन वायुसेना के तीन हैलीकॉप्टर उड़ान भरते हैं। शेष चौपर्स की लैंडिंग जुब्बल हट्टी में होगी। यहां भी चार हैलीकाप्टर्स की पार्किंग हो सकती है। लिहाजा ड्रॉपिंग के बाद हैलीकॉप्टर चंडीगढ़ जाएंगे। जानकारी यह भी मिली है कि सरकार ने वीवीआईपी को रिसीव करने के लिए अलग-अलग अधिकारियों की तैनाती सुबह ही कर ली थी। बेशक ही मंडी संसदीय क्षेत्र से पहली बार मुख्यमंत्री बना है, लेकिन बेटा अपने शपथ ग्रहण समारोह में इतिहास भी रचने जा रहा है।
राजधानी पहुंचने वाले पांच वीवीआईपी को स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) की सुरक्षा मिली हुई है। इसमें प्रधानमंत्री के अलावा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह व पूर्व गृह मंत्री लालकृष्ण अडवानी शामिल हैं। मैगा इवेंट की सुरक्षा के लिए हिमाचल पुलिस के 700 से 900 जवान तैनात होंगे। इसके अलावा वीवीआईपी के साथ आने वाले सुरक्षा कर्मियों की संख्या अलग होगी।
एसपी सौम्या सांबशिवन का कहना है कि शपथ ग्रहण समारोह को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने माना कि देर शाम तक भी वीवीआईपी के आने की संख्या बढ़ भी सकती है। एसपी ने सात राज्यों के मुख्यमंत्रियों के आने की पुष्टि की है। साथ ही बताया कि प्रधानमंत्री व बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यक्रम भी बन चुका है।