बिलासपुर(अभिषेक मिश्रा) : विधानसभा चुनावों के परिणामों के बाद नयनादेवी भाजपा मंडल के कोठीपुरा व लाड़ाघाट शक्तिकेंद्र में एक बैठक का आयोजन किया जिसमें पूर्व विधायक रणधीर शर्मा विशेष रूप से उपस्थित हुए। बैठक में कुछ देर तक मायुसी हर एक कार्यकर्ता में झलक रही थी परन्तु रणधीर शर्मा ने मायूसी को दर किनार करते हुए सभी कार्यकर्ताओं में नई शक्ति का सृजन करते हुए अपने संबोधन में कहा कि व्यक्तिगत हार से ज्यादा पार्टी की जीत महत्व पूर्ण होती है तथा प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बन रही है यह प्रसन्नता का विषय है।
उन्होंने बैठक में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यकर्ता नयना देवी विधानसभा क्षेत्र में हुई हार के लिए किसी को दोष ना दे। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं ने दिन- रात मेहनत की है परन्तु थोड़े से मतों से पिछड़ गए शायद भगवान को यही मंजूर था। शर्मा ने कहा कि इंसान का धर्म कर्म करना होता है जिसे भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बखूबी निभाया, फल तो भगवान देता है अत: किसी भी कार्यकर्ता को निराश होने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बन रही है इसलिए सभी बधाई के पात्र हैं।
रणधीर शर्मा ने कहा कि चुनाव हारने के बाद भी वो इसी तरह नयनादेवी विधान सभा के लोगों की सेवा करते रहेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं के हितों की पूरी तरह से रक्षा करने का भी विश्वास दिया और क्षेत्र में अपनी भूमिका निभाते रहने का भी भरोसा दिया। शर्मा ने कार्यकर्ताओं को आत्म चिन्तन करने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि एक दूसरे के ऊपर दोषारोपण करने की बजाय हम आत्म चिन्तन करें तथा जो कमियां रही है उन्हें भविष्य में दूर करने के लिए कार्यकर्ताओं को समझाए। शर्मा ने स्वयं भी आत्म चिन्तन कर अपनी कमियों को दूर करने का वायदा किया। उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर इस चुनाव में अनैतिक ढंग अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा की झूठ व तथ्य हीन आरोप लगाकर जनता को भ्रमित किया।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जिस मुकदमें के सबंध में पम्पलेट बांटकर उन्होंने दोषी बताया उस मुकदमें में माननीय उच्च न्यायलय ने 5 दिसम्बर 2017 को एफआईआर रद्द करने के आदेश दिए जिससे स्पष्ट होता है कि मुकदमा झूठा व तथ्यहीन था। इसी तरह अनेक तरह के अनैतिक तरीके अपना कर उन्होंने चुनाव जीता है परन्तु फिर भी वे जनादेश का सम्मान करते हैं। उसे स्वीकार करते हुए उन्होंने जनता की लगातार सेवा करने का भरोसा दिलाते हुए प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने की सभी को बधाई दी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं बताया कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शपथ ग्रहण में शिमला आ रहे है। उनके साथ भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमितशाह तथा 12 राज्यों के मुख्यमंत्री इस शपथ समारोह में भाग लेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि मायूसी छोड़कर प्रदेश में बन रही भाजपा सरकार के शपथ समारोह में सुबह 10 बजे शिमला रिज पर पहुंचे।