शिमला (एमबीएम न्यूज): लो जी, मिथ्या भी टूट सकती है। कहते थे, बिना मूंछ का नेता ही सीएम बनता है। लेकिन नड्डा साहब की तो बड़ी- बड़ी मूछे है। शनिवार शाम यह बात आग की तरह फैलने लगी कि नड्डा पर मोहर लग गई है , विधायक दल की बैठक महज औपचारिकता होगी। नड्डा बने तो मूछों की मिथ्या भी टूट जाएगी। हिमाचल के पहले सीएम बनेगे जिनकी मूछे होंगी।
प्रदेश में अब तक पांच मुख्यमंत्री रहे। संयोग है पांचों ही क्लीन शेव्ड थे। चुनावी नतीजों के बाद यह भी सवाल तैर रहा था कि क्या इस बार भी बिना मूछो वाला नेता ही मुख्यमंत्री बनेगा। पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल की मूंछे नहीं हैं। यहाँ तक कि सीएम पद के फ्रंट रनर जयराम ठाकुर भी नए गेटअप में नजर आने लगे थे। विधायक जयराम ठाकुर हल्की मूंछे रखते हैं। कई बार बिना मूंछों के भी देखे जाते हैं। करीब एक साल पहले नाहन के विधायक डॉ. राजीव बिंदल ने भी मूंछे कटवा ली थी। अक्सर डॉ.बिंदल से भी यही सवाल पूछा जाता था कि क्या आपने सीएम बनने के लिए मूंछे तो नहीं कटवाई हैं। सनद रहे कि प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री व निर्माता डॉ. वाईएस परमार व दिवंगत सीएम ठाकुर रामलाल की मूछे नहीं थी। उधर वीरभद्र सिंह, शांता कुमार व प्रेम कुमार धूमल की मूछे नहीं है बहरहाल प्रदेश की राजनीति में यह अनोखा ट्रेंड भी टूटेगा या नहीं, रविवार को खुलासा हो जायेगा। यह अलग बात है कि राजनितिक पंडित कह रहे है कि प्रदेश में पहली बार मूछ वाला सीएम बनेगा।