चम्बा (एमबीएम न्यूज़) : हरियाणा के रोहतक में चल रही अंडर 18 खेलकूद प्रतियोगिता में चंबा जिला के रेटा गांव की सीमा ने स्वर्ण पदक जीता है। सीमा ने शुक्रवार को आयोजित लंबी दौड़ की दूरी को महज दस मिनट में पूरा किया। दौड़ में सीमा ने प्रदेश का नाम रोशन किया। इससे पहले भी सीमा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल प्राप्त किया।
इससे पहले भी सीमा ने पांच हजार मीटर दौड़ को 17 मिनट 49 सैंकड में पूरा किया था। वहीं तीन हजार मीटर की दौड़ को दस मिनट में पूरा किया था। चंबा में सीमा की जीत पहुंचते ही खुशी का माहौल है। इससे पहले भी सीमा ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोश्न किया है। सीमा ने अंडर 19 में 63वें राष्ट्रीय स्कूल खेल एथलेटिक्स प्रतियोगिता में पांच हजार मीटर दौड़ में प्रथम स्थान हासिल किया था। सीमा ने अपनी दौड़ महज 17.49 मिनट में पूरी कर यह उपलब्धि हासिल की है।
इससे पूर्व भी सीमा ने बैंकोक में आयोजित एशियन यूथ एथलेटिक्स में कांस्य पदक जीतकर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन किया था। वहीं गत नवंबर माह में आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में 33वीं जूनियर राष्ट्रीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप में सीमा ने तीन हजार मीटर दौड़ में केरल की अनमोलथंपी का रिकॉर्ड तोड़ा था। अनमोलथंपी ने यह रिकॉर्ड 10 मिनट, 2 सेकेंड में तीन हजार मीटर दौड़ में बनाया था। जबकि सीमा ने उनसे 12 सेकेंड कम समय लेकर दौड़ पूरी की और 9.50 मिनट में दौड़ पूरी कर नया कीर्तिमान स्थापित किया था तथा स्वर्ण पदक पर कब्जा किया था।
सीमा ने अपनी जीत का श्रेय अपने अभिभावकों और कोच को दिया है। वहीं सीमा के नाम तीन हजार मीटर दौड़ में 9.50 मिनट के राष्ट्रीय रिकॉर्ड के अतिरिक्त दो और रिकार्ड भी हैं। नवंबर, 2016 में तमिलनाडु के कोयम्बटूर में अंडर- 16 जूनियर राष्ट्रीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 2000 मीटर की दौड़ में सीमा ने राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था। उसने यह दौड़ 6 मिनट, 27 सेकेंड, 13 मिली सेकेंड में पूरा कर स्वर्ण पदक जीता था।