पांवटा साहिब (एमबीएम न्यूज): विवादों में घिरी हिमाचल यूथ ब्रिगेड के पदाधिकारियों पर एक और मुकदमा दर्ज हुआ है। प्रधान इन्द्रजीत सिंह मिक्का पर अपने साथियों के साथ पत्रकार जसवीर सिंह हंस के घर में घुसकर धमकाने का आरोप है। आरोप है कि पूर्व प्रधान परविन्द्र सिंह ढिल्लो, दर्शन सिंह खालसा, सुनील पुंडीर व राहुल इत्यादि इसके जिम्मेदार हैं।
पुलिस के मुताबिक मामला दर्ज कर लिया गया है। पत्रकार का आरोप है कि पदाधिकारियों ने घर में घुसकर धमकाने का प्रयास किया। पत्रकार ने पूरे मामले से एसपी को अवगत करवाया। इसके बाद फौरन ही मामला दर्ज करने के आदेश दिए गए। सनद रहे कि हाल ही में एक ऑटो रिक्शा चालक सोनू को अगवा करने के बाद कुकर्म व अश्लील वीडियो बनाने के आरोप भी संस्था के पदाधिकारियों पर लगे थे। कई दिनों तक मामला मीडिया की सुर्खियां बना रहा था।
संस्था के पदाधिकारियों का एक वीडियो भी पुलिस के आलाधिकारियों को भेजा गया था, जिसमें संस्था के पदाधिकारी सरेआम कथित गुंडागर्दी करते नजर आ रहे थे। उधर पांवटा के डीएसपी प्रमोद चौहान ने बताया कि यूथ ब्रिगेड के प्रधान समेत अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।