शिमला (एमबीएम न्यूज़) : चिड़गांव तहसील की सारी पंचायत में रविवार आधी रात आग लगने से रिहायशी मकान जलकर कर राख हो गया। आग से प्रभावित परिवार का लगभग दो लाख रुपये का नुकसान हो गया है। सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम ने आज सुबह घटनास्थल का दौरा किया और प्रभावितों को फौरी सहायता प्रदान की। आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सारी पंचायत के आट गांव में रात्रि 12 बजे एक रिहायशी मकान में आग लग गई। पुलिस के अनुसार इस अग्निकांड में फिमी राम पुत्र बुद्व राम के मकान के दो कमरे जल गए। जिससे कमरों में रखे गए ट्रंक, बर्तन, कपड़े और अनाज आग की भेंट चढ़ गए। साथ ही दर्जन भर मुर्गे भी आग में जिंदा जल गए। स्थानीय लोगों के सहयोग से अन्य संपत्ति को जलने से बचा लिया गया।
प्रशासन के अधिकारियों ने आज सुबह घटनास्थल का दौरा करके पीडि़त परिवार को 10 हजार की फौरी राहत सहित जरूरतमंद चीजें प्रदान कीं। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।