चम्बा (एमबीएम न्यूज़) : लालपुल के समीप नाकाबंदी के दौरान पुलिस टीम ने एक चरस तस्कर को धर दबोचा है। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से चार सौ ग्राम चरस बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने चरस तस्कर रविवार देर रात पकड़ा। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।
चरस तस्कर की पहचान बलदेप सिंह निवासी गांव चकोदर डाकघर डांड तहसील सलूणी जिला चंबा के रूप में हुई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रविवार देर रात पुलिस ने लालपुल के समीप नाकाबंदी की थी।
इसी दौरान उक्त व्यक्ति लालपुल की ओर से आया और पुलिस केे देखकर घबरा गया। साथ ही भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने इस व्यक्ति को पकड़ा और पूछताछ में इस व्यक्ति ने अपना नाम बलदेव सिंह और चकोदर गांव का निवासी बताया। पुलिस ने बलदेव सिंह की तलाशी शुरू की। तलाशी के दौरान बलदेव सिंह के कब्जे से चार सौ ग्राम चरस बरामद करने में पुलिस कामयाब हुई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बलदेव सिंह को गिरफ्तार कर लिया और मामला दर्ज किया।
एसपी चंबा डॉ. वीरेंद्र तोमर ने बताया कि खैरी पुलिस ने देर रात एक चरस तस्कर को पकड़ा है। कहा कि पुलिस टीम ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। इसके कब्जे से चार सौ ग्राम चरस बरामद हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।