Video: https://youtu.be/mesXX9RiKYI
ऊना (एमबीएम न्यूज़): उपमंडल बंगाणा के गांव धुंधला में एक तेंदुए ने खूब आंतक मचाया। सूचना मिलने के बाद डीएफओ यशुदीप सिंह के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने करीब 6 घंटे की मशक्कत के बाद तेंदुए को काबू किया। तेंदुए को पकडऩे के लिए हमीरपुर वन्य प्राणी डीएफओ वाई लाईफ टीम के सदस्यों ज्ञान चंद और रमेश चंद ने मौके पर पहुंच कर कमरे में बंद किए तेंदुए को छ: घंटे के बाद काबू में किया।
आबादी में घुसे तेंदुए ने एक परिवार, तीन वर्षीय बच्चे सहित पांच लोगों को अपना निशाना बनाया। सभी घायलों को स्वास्थ्य केंद्र बंगाणा लाया गया, जहां तीन घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। जबकि दो घायलों को क्षेत्रीय जिला अस्पताल रैफर कर किया गया है। वन विभाग की टीम ने 6 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तेंदुए को काबू किया।
जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह 6 बजे के करीब हुआ धुंधला निवासी सुखदेव सिंह पुत्र उदम सिंह अपने घर के नजदीक नल से पानी भर रहा था कि अचानक तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। सुखदेव सिंह करीब दो मिनट तक तेंदुए के साथ उलझता रहा और शोर मचाया जिसे लोग बचाव के लिए मौक़े पर पहुंचे।
इस दौरान तेंदुए ने वंदना देवी आयु 20 वर्ष और सुदेश कुमारी आयु 46 वर्ष को भी घायल कर दिया। इसके बाद तेंदुआ दिनेश कुमार के घर में घुस गया। दिनेश कुमार ने अपने पुत्र जो तीन वर्ष का था उसको अपनी गोद मे लिया हुआ था और तेंदुए ने दोनों को लहूलुहान कर दिया। दिनेश ने बहुत मुश्किल से अपने बेटे को तेंदुए के चुंगल से छुड़वाया और तेंदुए को घर में बंद कर पारिवारिक सदस्यों संग बाहर निकल गया। बाहर निकलते ही दिनेश ने राहत की सांस ली और इसकी सूचना वन विभाग को दी।
वहीं स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बंगाणा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से दो को क्षेत्रीय जिला अस्पताल रैफर कर दिया।
क्या कहते है डीएफओ
डीएफओ यशुदीप सिंह ने बताया कि धुंधला में एक मादा तेंदुए को पकड़ा गया है। इसकी उम्र महज एक डेढ़ वर्ष है। उन्होंने कहा कि तेंदुए को काबू करके गोपालपुर जू भेज दिया गया है। जहां इसे रखा जाएगा।