शिमला (एमबीएम न्यूज़): हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने 22 नवंबर को शिमला में पदाधिकारियों की एक बैठक बुलाई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में होने वाली इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष व ब्लॉक अध्यक्ष भाग लेंगे। विधानसभा चुनाव के बाद पहली बार कांग्रेस पदाधिकारियों की बैठक बुलाई गई है।
इसमें चुनाव की समीक्षा सहित संगठन के अन्य अहम मुददों पर चर्चा होगी। विस चुनाव में आधा दर्जन से अधिक सीटों पर कांग्रेस के बागी नेताओं ने चुनाव लड़ा है। इन सीटों पर पार्टी को नुकसान झेलना पड़ सकता है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह भी कह चुके हैं कि कुछ सीटों पर कांग्रेस ने कमजोर प्रत्याशी उतारे हैं। इस वजह से ऐसी सीटों पर कांग्रेस की जीत की उम्मीद नहीं की जा सकती है।
मतदान के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने विभिन्न विधानसभा हल्कों से भीतरघात करने वाले नेताओं पर कड़ी कार्रवाई की है और 50 से अधिक नेता पार्टी से निष्कासित कर दिए हैं। पीसीसी अध्यक्ष सुक्खू के मुताबिक पार्टी में भीतरघाती बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे, चाहे उनका कद कितना भी बड़ा क्यों न हो। समझा जाता है कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी की बैठक में पार्टी चुनावों के संदर्भ में कई कड़े फैसले ले सकती है।