मंडी (वी कुमार) : देश के प्रथम प्रधानमंत्री स्व. पंडित जवाहर लाल नेहरू की जयंती देश भर में बड़े ही उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। मंडी में भी नेहरू जयंती पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। गांधी भवन में जिला कांग्रेस कमेटी की तरफ से श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उपस्थित होकर नेहरू की तस्वीर पर माल्यापर्ण किया।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक शर्मा ने कहा कि पंडित नेहरू ने देश के लिए जो योगदान दिया है, उसे कभी नहीं भूलाया जा सकता। उन्होंने कहा कि आज देश जिस प्रगति पर आगे बढ़ रहा है उसमें पंडित नेहरू का विशेष योगदान है। दीपक शर्मा ने कहा कि आज सभी को पंडित नेहरू के बताए मार्ग पर चलने की आवश्यकता है।
इस मौके पर सदर से कांग्रेस की प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ चुकी चंपा ठाकुर सहित अन्य कांग्रेसी नेता भी मौजूद रहे।