चंबा (एमबीएम न्यूज़) : राष्ट्रीय भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि हिमाचल सरकार ने बीते पांच सालों में महज भूमि पूजन ही किया। कहा कि सरकार के मंत्रियों की शह के चलते प्रदेश वन व खनन माफिया सक्रिय रहे। सोमवार को डलहौजी विधानसभा के बनीखेत पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कांग्रेस पार्टी और सीएम वीरभद्र सिंह पर जमकर जुबानी हमला किया।
शाह ने बनीखेत के पद्दर मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस में विकास पुरूष नहीं बल्कि भ्रष्टाचार करने वाले बैठे हैं। हिमाचल की सरकार ने विकास के लिए कर्ज तो लिया। लेकिन विकास के नाम पर लिए कर्ज में भी सरकार ने घोटाले किए। कांग्रेस सरकार ने 12 लाख करोड़ रुपए के घोटाले किए है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कुशल नेतृत्व में देश प्रगति की राह पर अग्रसर है। हिमाचल में आगामी विस चुनावों में भाजपा की सरकार बनेगी। उसके बाद हिमाचल में अथाह विकास करवाया जाएगा।
इससे पहले अमित शाह हेलीकॉप्टर से बनीखेत हैलीपेड पहुंचे। जहां भाजपा कार्यकर्त्ताओं ने गर्मजोशी व नारेबाजी से उनका स्वागत किया। इस मौके पर हजारों लोग मौजूद रहे।