नाहन (एमबीएम न्यूज): रेणुका विधानसभा क्षेत्र में भी भाजपा के खेमे में बगावत के आसार नजर आने लगे हैं। यहां पार्टी का टिकट बलबीर चौहान को मिलने की चर्चाओं के बाद पूर्व विधायक हिरदाराम के समर्थक सडक़ों पर उतरना शुरू हो गए हैं। अंतिम समाचार के मुताबिक पूर्व विधायक हिरदाराम के समर्थक गत्ताधार व हरिपुरधार के अलावा धारटीधार में भी प्रदर्शन कर रहे हैं। नारेबाजी के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने यहां तक भी कह डाला कि हाईकमान होश में आओ, होश में आओ।
2011 के उप चुनाव में भाजपा ने एचएएस अधिकारी रहे हिरदा राम को पार्टी का टिकट थमाया था। उस वक्त राज्य में भाजपा की सरकार थी। उप चुनाव को भाजपा ने जीत लिया था। क्षेत्र के वरिष्ठ नेता डॉ. प्रेम सिंह के निधन के बाद यह सीट खाली हुई थी। दिवंगत डॉ. पे्रम सिंह के बेटे विनय कुमार पहला चुनाव हारे, लेकिन 2012 के विधानसभा चुनाव में विनय कुमार ने जीत हासिल की। सिरमौर से एकमात्र कांग्रेसी विधायक बने। किस्मत ने साथ दिया तो सीपीएस की कुर्सी भी मिल गई।
उधर बलबीर चौहान ने पार्टी के कार्य के लिए कई साल पहले स्वास्थ्य विभाग की नौकरी को त्याग दिया था। भाजपा ने अगर समय रहते ही डैमेज कंट्रोल नहीं किया तो मुख्य संसदीय सचिव विनय कुमार की डगर आसान हो जाएगी। उधर रेणुका भाजपा मंडल के मीडिया प्रभारी बलबीर शर्मा से जब संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक हिरदाराम के समर्थन में तीन स्थानों पर लोग समर्थन कर रहे हैं।