नाहन (एमबीएम न्यूज) : सूबे में चुनाव आचार संहिता लगते ही कालाअंब पुलिस पूरी तरह से एक्शन में आ गई है। चूंकि साथ ही हरियाणा की सीमा लगती है, लिहाजा चौकसी लाजमी है। बीती रात मीरपुर कोटला-खैरी मार्ग पर बाइक सवारों से साढ़े 8 किलो गांजा बरामद किया गया है। बिहार के रहने वाले 40 वर्षीय राजीव पांडे व 26 वर्षीय राजीव कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है।
अमूमन इस संपर्क मार्ग पर पुलिस की अधिक गश्त नहीं रहती है, लेकिन बीती रात पुलिस इस मार्ग पर भी मुस्तैद थी। हालांकि पुख्ता तौर पर कुछ नहीं कहा जा सकता, लेकिन माना जा रहा है कि बरामद किए गए गांजे की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 10 से 15 लाख के बीच हो सकती है। गौरतलब है कि वीरवार को भी कालाअंब पुलिस ने 471 ग्राम के आसपास गांजा बरामद किया था। पिछले 48 घंटे में नशे के खिलाफ पुलिस ने चार मामले दर्ज किए हैं।
इसके अलावा पच्छाद पुलिस ने 300 ग्राम चरस बरामद की थी, वहीं पांवटा साहिब पुलिस दो किलो भुक्की बरामद करने में सफल हुई थी। एसपी रोहित मालपानी ने पुष्टि करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस की मुहिम जारी है। उन्होंने कहा कि पिछले 48 घंटों में चार मामले दर्ज किए गए हैं।