शिमला (एमबीएम न्यूज़) : परिवहन व खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री जीएस बाली ने अपने विभाग के कर्मचारियों को चुनाव से पहले आज चार प्रतिशत डीए की सौगात बांटी। राज्य पथ परिवहन निगम के कर्मचारियों को ये डीए पहली जनवरी 2017 से मिलेगा। खाद्य आपूर्ति विभाग इस बार दीवाली में मिठाइयों के साथ-साथ पटाखे भी बेचेगा। चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए बस अड्डों पर रात्रि के समय चौकीदार रखे जाएंगे।
परिवहन मंत्री ने आज शिमला में परिवहन व खाद्य आपूर्ति विभाग की बीओडी की बैठक के उपरांत एक पत्रकार सम्मेलन में यह घोषणा की।
उन्होंने कहा कि एचआरटीसी कर्मचारियों के डीए की 4 फीसदी किस्त जारी की गई है। एक जनवरी 2017 से 31 अगस्त 2017 की बकाया राशि कर्मचारियों के जीपीएफ में जमा करवाई जाएगी तथा सितंबर माह से उन्हें वेतन के साथ नकद डीए दिया जाएगा। इससे निगम के 7 हजार से अधिक कर्मचारी लाभांवित होंगे। डीए किश्त जारी करने से निगम पर हर माह 47 लाख रूपये का बोझ पड़ेगा।
उन्होंने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति महकमे के कर्मचारियों को भी तुरंत प्रभाव से 4 फीसदी डीए जारी करने की घोषणा की। साथ ही खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम के कर्मचारियों को 7100 रुपये बोनस देने का भी ऐलान किया है। हर कर्मचारी को बोनस दिया जाएगा। इससे निगम के लगभग 800 कर्मचारियों को लाभ मिलेगा। इसके अलावा खाद्य आपूर्ति निगम में 42 दैनिक भोगियों की सेवाएं नियमित कर दी गई हैं।
बाली ने कहा कि एचआरटीसी ने 565 नए रूटों पर बस सेवा शुरू कर दी है। वहीं कम किराए यानी एक रूपया प्रति किलोमीटर की दर से 55 रूटों पर बस सेवा प्रारंभ की गई है।
उन्होंने कहा कि एचआरटीसी 60 लंबे रूटों पर बोल्वो बस की तर्ज पर हिमसेवा लग्जरी बसें चलाएगा, जिनमें यात्रियों से साधारण बसों का किराया लिया जाएगा। बाली ने कहा कि विभाग ने इलैक्ट्रिकल बसें चलाना शुरू कर दी हैं। कांगड़ा से इसकी शुरूआत हुई है और इन बसों को चलाने वाला हिमाचल देश का पहला राज्य बन गया है। कहा कि प्रदेश भर में 50 इलैक्ट्रिकल बसें (आठ सीटर) चलाई जाएंगीं। इनमें 7 किलोमीटर तक 10 रूपये किराया होगा। जबकि 15 किलोमीटर तक 15 और इससे ज्यादा दूरी पर 20 रूपये किराया वसूला जाएगा। इन इलैक्ट्रिकल बसों में फिक्स किराया लिया जाएगा। राजधानी शिमला में 7 इलैक्ट्रिकल बसें अगले 15 दिनों में दौड़ना शुरू हो जाएंगीं। विभिन्न शहरों में इन बसों को चार्ज करने के लिए चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे।
बाली ने कहा कि दीवाली पर खाद्य आपूर्ति निगम मिठाईयों के साथ पटाखे भी बेचेगा। निगम द्वारा जिला मुख्यालयों में बिक्री के लिए पटाखे उपलब्ध करवाए जाएंगे।
Latest
- विक्रमादित्य बोले वोकल फॉर लोकल, इम्पोर्टिड चीजों की हो जाती है एक्सपायरी
- धर्मशाला : निर्वाचन के दौरान किसी भी प्रकार की रिश्वत लेने व देने से बचें : डीसी
- 4 से 8 मई तक हिमाचल प्रवास पर होगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
- बच्चों ने पढ़ाते हुए वीडियो बना किया वायरल, गुस्साई अध्यापिका ने क्लास को छुरी दिखा धमकाया
- पांवटा साहिब : शिव मंदिर में ब्राह्मण सभा की बैठक, परशुराम जयंती की तैयारियों पर हुई चर्चा