शिमला (एमबीएम न्यूज) : भाजपा के हिसाब मांगे हिमाचल अभियान के तहत राजधानी शिमला पहुंची भाजपा राष्ट्रीय महिला मोर्चा की अध्यक्ष विजया राहतकर ने आज सताधारी कांग्रेस सरकार पर बड़ा हमला बोला है।
यहां प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने वीरभद्र सरकार पर गुड़िया मामले के दोषियों को बचाने का आरोप लगाया है। विजया ने कहा कि बीते पौने पांच साल में कांग्रेस सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। महिलाओं की उम्मीदों पर सरकार खरा नहीं उतर पाई है, क्योंकि दिसम्बर 2012 के बाद से राज्य में महिलाओं के साथ अपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। महिलाओं की सुरक्षा व सम्मान की रक्षा करने में सरकार पूरी तरह विफल रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कोटखाई के बहुचर्चित गुड़िया मामले में सरकार की असंवेदनशीलता सामने आई है। इस मामले में राज्य सरकार व पुलिस ने सही जांच नहीं की और आरोपियों को बचाने में मदद की है। मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी टीम खुद हिरासत में है।
भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि चुनावों से पहले कांग्रेस सरकार ने हिमाचल में न्याय पंचायतें गठित करने का वायदा किया था, लेकिन इनका गठन आज तक नहीं हो पाया है। नेशनल हाईवे किनारे शराब के ठेके बंद करने के सुप्रीम कोर्ट के फरमान पर सरकार कुछ नहीं कर रही है। राज्य में 800 से अधिक शराब के ठेके चल रहे हैं और महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। राज्य की वीरभद्र सरकार को इसका हिसाब देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आज युवा पीढ़ी नशे की जद में आ रही है। 10 में से 4 बच्चे नशे की जकड़ में हैं, जिससे अभिभावक परेशान हैं। राज्य सरकार केंद्र से महिला बाल विकास को मिली 40 करोड़ की राशि नहीं खर्च पाई है। बेटी अनमोल, मिशन इंद्रधनुष जैसी केंद्र की महत्वकांक्षी योजनाओं पर हिमाचल में कोई काम नहीं हो रहा है। यहां की कांग्रेस सरकार इन केंद्रीय योजनाओं को हल्के में ले रही है।
विजय राहतकर ने कहा कि राज्य में बीते साढ़े चार साल में महिलाओं का उत्पीड़न बढ़ा है। कांग्रेस शासन में अब तक 1309 रेप और 2289 महिला उत्पीड़न के मामले सामने आ चुके हैं। शांतिप्रिय राज्य हिमाचल में ये आंकड़े चौंकाने वाले हैं। इस वजह से यहां के पर्यटन व्यवसाय को भी नुकसान पहुंच रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओं को सुरक्षा व सम्मान देने वाली पार्टी है और आगामी महीनों में राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव में महिला प्रत्याशियों के लिए अधिक से अधिक टिकटों की पैरवी की जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के विजिन डोक्यूमेंट में महिलाओं से जुड़े तमाम मुद्दों को प्रमुखता दी जाएगी।