कुल्लू (एमबीएम न्यूज़) : कुल्लू सदर के विधायक महेश्वर सिंह ने कहा कि टोपी को स्टेज पर पटक देना सीएम की निम्न सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने दर्शा दिया है कि वे कितनी निम्न सोच के हैं और हिमाचली ताज मानी जाने वाली टोपी को भरी जनसभा में स्टेज पर पटक दिया।
महेश्वर सिंह ने कहा कि कांग्रेस के ही वरिष्ठ मंत्री ठाकुर कौल सिंह ने उन्हें कुल्लवी टोपी पहनाकर मान सम्मान देने की कोशिश की लेकिन मुख्यमंत्री ने इस टोपी को शायद राजनीति से जोड़कर पटक दिया। उन्होंने कहा कि टोपी हिमाचल के पहाड़ी क्षेत्र का ताज है लेकिन कुछ समय से इस टोपी को रंगों के हिसाब से राजनीति से जोड़ा जा रहा है जो दुर्भाग्यपूर्ण है।
शायद मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने भी कुल्लवी टोपी को महरूम समझ कर पटक दिया होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने जो भी किया लेकिन पहाड़ी लोगों के मान सम्मान को मानी जाने वाले ताज का अपमान किया है। इसके लिए उन्हें पहाड़ी क्षेत्र की जनता से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से कहा है कि वे जनता से माफी मांगे।