बिलासपुर(एमबीएम न्यूज़): लाल झंडा वर्कर्स यूनियन ने सीटू के बैनर तले शनिवार को अल्ट्राटेक कंपनी के खिलाफ बाग्गा भवन से शालूघाट कंपनी गेट तक विशाल रैली का आयोजन किया। इसमें लगभग 600-700 वर्कर्स ने भाग लिया। यह रैली अल्ट्राटेक कंपनी के मजदूरों पर किए जा रहे शोषण के खिलाफ निकाली गई।
मजदूरों को संबोधित करते हुए यूनियन अध्यक्ष सुरेश कुमार ने अल्ट्राटेक कंपनी को चेताया कि मजदूरों का शोषण बीआईएलकेयूएल बीएचआई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कंपनी गलत तरीके से तथा यूनियन को विश्वास मेें न लेते हुए अपनी गलत नीतियां लागू कर रही है और गलत तरीके से कर्मचारियों को एक रोल से दूसरे रोल में स्थानांतरण कर रही है।
यूनियन अध्यक्ष ने प्रबंधन वर्ग को चेताया कि अभी तो सिर्फ विरोध ही हो रहा है अगर मैनेजमेंट इसी तरीके से गलत नीतियों से कर्मचारियों को परेशान करेगी तो आने वाले दिनों मे इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। मजदूरों को संबोधित करते हुए यूनियन कोषाध्यक्ष संजय पंवर ने कहा कि यह राष्ट्रीय कार्यकारिणी में लिया गया फैसला है और जितने भी प्लांट अल्ट्राटेक ने ओवरटेक किए हैं, इसके लिए सभी प्लांटों की एक संयुक्त कार्यकारिणी बनाई गई है और इसके आह्वान पर यह विरोध-प्रदर्शन सभी प्लांट बाग्गा, भगेरी, डाला, रुड़की, बघवार बेला आदि प्लांटों में किया जा रहा है।
आम सभा में उपस्थित कर्मचारियों को यूनियन कार्यकारिणी सदस्य तिलक राज तथा धर्मेंद्र पासवान और मदन सिंह नेगी ने भी संबोधित किया तथा सभी ने जोर देकर कंपनी की गलत नीतियों का विरोध किया तथा कंपनी को चेताया कि गलत नीतियों को तथा मजदूरों को ठेकेदारी प्रथा में डालने कि कोशिश की जा रही है, उसे तुरंत बंद किया जाए अन्यथा गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे।