शिमला (एमबीएम न्यूज) : वीरवार रात से भारी बारिश के चलते जिले में जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। राजधानी से लेकर जुब्बल तक कई जगहों पर भूस्खलन हो चुका है, जिसकी वजह से सड़कों को बंद कर दिया गया है।
शिमला के आईएसबीटी के नजदीक क्रासिंग के पास हाइवे पर आज दिन में पहाड़ी से मलबा गिर गया, जिससे यहाँ यातायात ठप्प पड़ गया। राहत की बात ये रही कि भूस्खलन के दौरान कोई वाहन चपेट में नहीं आया। आईएसबीटी से करीब 1 किलोमीटर दूर भूस्खलन उसी जगह हुआ, जहाँ विगत वर्ष पुलिस की गुमटी सहित सड़क का हिस्सा धंसा था। इसी स्थान पर बहुमंजिला पार्किंग का कार्य चल रहा है।
भूस्खलन की घटना दिन में करीब साढ़े 12 बजे सामने आई। इसके बाद ट्रैफिक को दोनी तऱफ से रोक दिया गया। बाद में मलबा हटाकर सड़क के एक हिस्से को खोलकर हाइवे बहाल किया गया। उधर ठियोग-हाटकोटी मार्ग पर करीब 3-4 स्थानों पर भूस्खलन से सडक बाधित है। इस वजह से मार्ग पर सेब से लदे कई वाहन फंस गए हैं।